नयी दिल्ली: जम्मू कश्मीर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ के एक जवान ने आरोप लगाया है कि सैनिकों को बर्बरता का सामना करना पड़ता है क्योंकि उन्हें घटिया भोजन परोसा जाता है और कई बार तो भूखे भी रहना पड़ता है।
सोशल मीडिया मंचों पर अपलोड किए गए वीडियो में छद्म वर्दी पहने और राइफल लिए हुए जवान ने दावा किया है कि उनके लिए सरकार जरूरी सामग्री खरीदती है लेकिन उंचे तबके के और अन्य अधिकारी इसे अवैध तरीके से बाजार में बेच देते हैं और उन्हें भूखा रहना पड़ता है।
हालांकि सीमा सुरक्षा बल ने कहा है कि उसने जांच शुरू की है और उप महानिरीक्षक स्तर के एक अधिकारी को उसकी तैनाती की जगह भेजा गया है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने उचित कार्रवाई का आदेश दिया है । गृह मंत्री ने ट्विटर पर कहा कि उन्होंने रिपोर्ट मांगी है। सिंह ने ट्वीट किया, मैंने बीएसएफ जवान की व्यथा वाला वीडियो देखा है। मैंने एचएस (गृह सचिव) से बीएसएफ से तुरंत रिपोर्ट मांगने और उचित कदम उठाने को कहा है।
Latest India News