नई दिल्ली: उत्पाद शुल्क अधिकारियों ने देशभर में 25 शहरों में 600 से अधिक जौहरियों से सोने व जवाहरात की ब्रिकी का ब्यौरा मांगा है। सरकार ने 500 व 1000 रुपए के मौजूदा नोटों के चलन से बाहर होने के बाद सोने के सौदे किए जाने की रपटों के मद्देनजर यह कदम उठाया है।
वित्त मंत्रालय के अधीन आने वाले केंद्रीय उत्पाद शुल्क अधिसूचना महानिदेशालय (DGCIE) ने इन जौहरियों को नोटिस भेजकर सात नवंबर के बाद से बीते 4 दिनों में सोने की ब्रिकी का ब्यौरा मांगा है। सूत्रों ने कहा कि इन जौहरियों से अपने स्टाक की मात्रा व ब्रिकी की जानकारी देने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, बेंगलुरू, हैदराबाद, भोपाल, विजयवाड़ा, नासिक व लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों के जौहरी जांच दायरे में हैं। इस तरह की प्रक्रिया बाद में अन्य शहरों में भी अपनाई जा सकती है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वित्त मंत्रालय ने जौहरियों से कहा था कि वे सोने व जवाहरात की ब्रिकी करते समय ग्राहक का पैन नंबर लें।
Latest India News