चेन्नई: राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के अधिकारियों ने 11.9 किलोग्राम वजन वाले सोने की छड़ें जब्त की है। इसकी तस्करी श्रीलंका से हुई है और इसका मूल्य 3.58 करोड़ रपये है। इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्करी का सोना एक कार में पुडुकोट्टई राजमार्ग से तिरूचिरापल्ली की ओर जा रहा है। डीआरआई अधिकारियों ने कल वाहन को पकड़ा था और 119 सोने की छड़ें बरामद की थी। सोने पर विदेशी निशान थे और यह 11.9 किलोग्राम वजन का था।
डीआरआई की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, सोने की छड़ें 3.58 करोड़ रपये मूल्य वाली है और इसे सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधान के तहत जब्त किया गया है। जांच से पता चला है कि सोने की तस्करी श्रीलंका से तमिलनाडु में हुई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है, कार के चालक के गांधी ने स्वीकार किया है कि वह सोना चेन्नई ले जा रहा था। उसे एस राजेंद्रन ने ऐसा करने का निर्देश दिया था। एस राजेंद्रन गुडलक राजेंद्रन के नाम से भी जाना जाता है। पिछले 20 सालों से कार चालक राजेंद्रन के लिए काम कर रहा है।
अधिकारियों का एक समूह राजेंद्रन के चेन्नई स्थित घर गया और वहां से जब्त सोने के संबंध में सबूत बरामद किया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि राजेंद्रन और गांधी को हिरासत में लिया गया और अब उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम के तहत राजेंद्रन को पहले भी एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
Latest India News