A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लद्दाख: चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच तनातनी, नहर का निर्माण रोका

लद्दाख: चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच तनातनी, नहर का निर्माण रोका

चीन और भारतीय सैनिकों के बीच लद्दाख की बर्फीली उंचाइयों पर कल से ही गतिरोध कायम है। इसके पहले पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के जवान उस क्षेत्र में घुस गए जहां मनरेगा योजना के तहत नहर का निर्माण किया जा रहा था। चीनी सैनिकों ने नहर का निर्माण कार्य रोक द

Indo-China- India TV Hindi
Indo-China

लेह: चीन की सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) और भारतीय सैनिकों के बीच लद्दाख की बर्फीली उंचाइयों पर कल से ही गतिरोध कायम है। इसके पहले PLA के जवान उस क्षेत्र में घुस गए जहां मनरेगा योजना के तहत नहर का निर्माण किया जा रहा था। चीनी सैनिकों ने नहर का निर्माण कार्य रोक दिया। 

(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

यह घटना कल अपराह्न देमचोक सेक्टर में हुयी जो लेह से करीब 250 किलोमीटर पूर्व में है। वहां महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (मनरेगा) के तहत एक गांव को हॉट स्प्रिंग से जोड़ने के लिए काम चल रहा था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि करीब 55 चीनी सैनिक वहां पहुंचे और आक्रामक तरीके से काम रोक दिया। इसके बाद सेना तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ( ITBP) के जवान वहां पहुंचे और उन्होंने चीनी सैनिकों की ज्यादती को रोका। 

चीनी सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चले गए और इस तर्क पर काम को रोकने की मांग की कि दोनों पक्षों को कोई कार्य शुरू करने के पहले अनुमति लेने की आवश्यकता है। भारतीय पक्ष ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच हुए समझौते के अनुसार निर्माण के संबंध में जानकारी साझा तभी किए जाने की जरूरत है जब यह रक्षा उद्देश्यों के लिए हो। 

सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्षों ने अपने बैनर निकाल लिये हैं और वे वहां डटे हुए हैं। सेना तथा ITBP के जवान चीनी सैनिकों को एक इंच आगे नहीं बढ़ने दे रहे हैं जबकि PLA का दावा है कि यह क्षेत्र चीन का है। इस क्षेत्र में 2014 में भी ऐसी ही घटना हुयी थी जब मनरेगा योजना के तहत निलुंग नाला पर सिंचाई नहर बनाने का फैसला किया गया था। वह चीन के साथ विवादित स्थान रहा है। 
PLA ने भारतीय कार्रवाई के विरोध में चार्डिंग..निलुंग नाला (सीएनएन) ट्रैक जंक्शन में तंबू गाड़ने के लिये ताशिगोंग के ग्रामीणों को राजी कर लिया था। 

सूत्रों ने कहा कि इस बार चीनी PLA के 55 सैनिक थे जबकि सेना तथा ITBP के करीब 70 जवानों ने क्षेत्र की किलेबंदी कर दी थी और भारतीय क्षेत्र में उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस बीच वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने जोर दिया कि कोई गतिरोध नहीं था और स्थापित प्रक्रिया के जरिए मुद्दे का हल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष से ऐसी आपत्तियां असामान्य नहीं हैं और ऐसी स्थितियों को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से हल किया जाता है। 

Latest India News