नई दिल्ली: बिजनेस की दुनिया के दिग्गज रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को फोर्ब्स की गेम चेंजर्स की लिस्ट में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। अरबों की लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने और अपनी इंडस्ट्री में बड़े सुधार करने वाली दुनिया की 25 हस्तियों में मुकेश अंबानी पहले पायदान पर है।
मौजूदा हालात से अंसतुष्टि रखने और दुनिया भर के लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने की इच्छा रखने वाले लोगों को इस सूची में जगह दी गई है। भारत में जियो की लॉन्चिंग के साथ इंटरनेट क्रांति लाने और आम जनता तक डेटा की आसान पहुंच के लिए मुकेश अंबानी को पहला स्थान दिया गया है।
फोर्ब्स ने मुकेश अंबानी के बारे में लिखा, 'तेल और गैस कारोबारी ने धमाके के साथ टेलिकॉम मार्केट में एंट्री की और बेहद कम दाम पर लोगों को फास्ट इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराई। जियो ने छह महीने के भीतर 10 करोड़ ग्राहक बनाए और मार्केट में कई कंपनियों को बदलाव के लिए मजबूर होना पड़ा।'
मुकेश अंबानी के अलावा इस लिस्ट में होम अप्लायंसेज कंपनी डायसन के फाउंडर जेम्स डायसन, सऊदी के डेप्युटी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, अफ्रीकी रिटेल टाइकून क्रिस्टो वीजे और ब्लैक रॉक के फाउंडर लैरी फिंक जैसी हस्तियों को जगह दी गई है।
Latest India News