मुंबई: मुख्तार अब्बास नकवी ने आज कहा कि हज सब्सिडी से जुड़े विभिन्न आयामों के अध्ययन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है जो जल्द अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि 2017 में हज सब्सिडी खत्म नहीं होगी।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने कहा कि हज कमिटी के माध्यम से जाने वाले हज यात्रियों की हज सब्सिडी के संबंध में कई तरह की मांगें सामने आई हैं, साथ ही 2012 का सुप्रीम कोर्ट का निर्णय भी है। इस मामले में संपूर्ण रूप से एक छह सदस्यीय विशेषज्ञ समिति अध्ययन कर रही है, वह अपनी रिपोर्ट जल्द देगी। नकवी ने साफ किया कि नई व्यवस्था लागू होने पर भी किसी तरह का बड़ा बोझ हज यात्रियों पर नहीं पड़ेगा । नकवी ने यह भी स्पष्ट किया कि 2017 में हज सब्सिडी खत्म नहीं होगी।
मुम्बई में ऑल इंडिया हज उमराह टूर आर्गनाइजर्स एसोसिएशन की बैठक के दौरान नकवी ने कहा कि भारत में हज के लिए आवेदन 2 जनवरी, 2017 से शुरू हो गए हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 जनवरी, 2017 है।
भारत में पहली बार हज आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल हो गई है। इसी महीने हज का मोबाइल एप भी लांच किया गया है। हज 2017 आवेदन की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का लोगों ने जबरदस्त स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि अभी तक लगभग 3 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया है जिसमें से 1 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किया है। ऑनलाइन आवेदन से लोगों को पारदर्शिता के साथ हज पर जाने का मौका मिलेगा।
Latest India News