नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्य सचिव पी राजमोहन राव के घर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अन्ना नगर के उनके आवास पर छापेमारी के अलावा 10 अन्य जगहों पर भी कार्रवाई जारी है। राव के आवास पर आज तड़के आईटी अधिकारियों की टीम पहुंची। इस टीम में पांच अधिकारी हैं। खबर है कि आईटी अधिकारियों की टीम लगातार उनसे पूछताछ कर रही है।
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, आधिकारिक सुत्रों का कहना है कि यह छापेमारी शेखर रेड्डी के मामले में कार्रवाई का हिस्सा है। रेड्डी एक रेत खनन व्यापारी हैं जो 130 करोड़ रुपए की अघोषित संपत्ति के साथ पकड़े गए थे। इसमें 2000 के नए नोट और 171 गोल्ड बार शामिल थे। सीबीआई और ईडी ने रेड्डी और उसको दो सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आपको बता दें कि इस साल के आरंभ में ही पी राजमोहन राव को तमिलनाडु के मुख्य सचिव का पदभार दिया गया था। आयकर विभाग की टीम पी राजमोहन राव के पुत्र के भी खातों और अन्य संपत्तियों को खंगाल रही है। यह पहली बार किसी राज्य के सबसे बड़े अधिकारी के यहां छापा मारा गया है।
Latest India News