A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार में एक और पत्रकार की गोली मारकर हत्या

बिहार में एक और पत्रकार की गोली मारकर हत्या

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में मंगलवार को एक हिन्दी दैनिक के पत्रकार ब्रजकिशोर ब्रजेश की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

Bihar Map- India TV Hindi
Bihar Map

पटना: बिहार के सीवान जिले में वरिष्ठ पत्रकार राजदेव रंजन की हत्या और सासाराम में पत्रकार धर्मेद्र सिंह हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं है कि राज्य के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में मंगलवार को एक हिन्दी दैनिक के पत्रकार ब्रजकिशोर ब्रजेश की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, पत्रकार ब्रजकिशोर शाम को सलखनी गांव स्थित अपने पिता के चिमनी ईंट-भट्ठा गए थे, तभी एक बोलेरो पर सवार अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पत्रकार को सात गोलियां लगी हैं। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और लोगों में रोष है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। 

उल्लेखनीय है कि सीवान के पत्रकार राजदेव रंजन की पिछले साल 13 मई को अखबार के दफ्तर से घर लौटते समय कुछ अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस पूरे मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रही है। दिवंगत पत्रकार की पत्नी आशा रंजन को कुछ दिन पूर्व जान से मारने की धमकी भी मिली है। पिछले साल 12 नवंबर को सासाराम में भी पत्रकार धर्मेद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। 

Latest India News