नई दिल्ली: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और उनकी कोर टीम के खिलाफ अनशन पर बैठे कपिल मिश्रा ने केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वे चुप क्यों है? अरविंद केजरीवाल कुछ बोलते क्यों नहीं? कपिल मिश्रा ने एक पुराने गाने की पंक्तियां पढ़ते हुए कहा- 'चुप-चुप बैठे हो.. जरूर कोई बात है'।
कपिल मिश्रा ने कहा कि अभी तक उनकी ओर से आरोपों पर कोई सफाई नहीं दी गई है और न ही उनकी कोर टीम के सदस्यों के विदेश दौरे के खर्चे का ब्योरा दिया गया है। कपिल मिश्रा ने एकबार फिर कहा है कि जबतक आम आदमी पार्टी के नेताओं के विदेश दौरे की पूरी जानकारी नहीं दी जाएगी तबतक उनका अनशन जारी रहेगा। कपिल मिश्रा ने कहा कि वे 14 मई को एक और बड़ा खुलासा करेंगे।
इससे पहले कपिल मिश्रा ने एंटी करप्शन ब्यूरो में जाकर अपना बयान दर्ज कराया है। मिश्रा ने दावा किया कि उन्होंने एजेंसी को अपने इन आरोपों के समर्थन में सबूत दिए कि सीएम अरविंद केजरीवाल के दो करीबी लोगों ने टैंकर घोटाले की जांच को प्रभावित करने की कोशिश की।
Latest India News