श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों का एक समूह अपने साथी को दफनाए जाने के समय मौजूद रहा और उन्होंने हवा में गोलियां चलाकर उन्हें सलामी दी।
कुलगाम के कैमोह इलाके का रहने वाला फयाज अहमद अर्फ सेठा को दफनाए जाने के दौरान यह चिंताजनक घटना सामने आई। मीर बाजार इलाके में एक सड़क हादसे की जांच के लिए जा रहे पुलिस के दल पर आतंकवादियों के गोली चलाने के बाद कल जवाबी कार्रवाई में फयाज मारा गया।
हमले में कल दो नागरिक और एक पुलिसकर्मी भी मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी को दफनाए जाने के दौरान भीड़ में कम से कम चार आतंकवादी दिखाई दिए और उन्होंने आज अपनी एके राइफल से हवा में गोलियां चलाकर मृतक आतंकवादी को बंदूक से सलामी दी।
यह घटना तब सामने आयी है जब कुछ दिन पहले सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के सफाये के लिए पड़ोसी शोपियां जिले में बड़ा अभियान चलाया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल में आतंकवादी को दफनाए जाने के दौरान साथी आतंकवादियों के मौजूद रहने की घटनाएं देखी गई हैं जो एक चिंताजनक माना जा रहा है।
Latest India News