लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा प्रमुख केशव प्रसाद मौर्य को बेचैनी की शिकायत के बाद आज यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल की गहन देखभाल इकाई में भर्ती कराया गया। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, दोपहर तीन बजकर 38 मिनट पर 48 वर्षीय नेता को भर्ती कराया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ एके गढ़पायले ने कहा कि उन्हें पिछले सात दिन से खांसी, ज़ुकाम और हल्का बुखार था और राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के चलते उनपर का बोझ बहुत ज्यादा था। उन्होंने कहा कि भर्ती कराने के वक्त उनका रक्तचाप थोड़ा सा बढ़ा हुआ था। फिलहाल वह पूरी तरह से सचेत और बेहतर हैं। उनको आगे की स्थिति के मद्देनजर निगरानी में रखा गया है।
मौर्य को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। बता दें कि केशव प्रसाद मौर्या आज संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिये संसद में थे। अचानक उन्होंने तबीयत खराब होने की शिकायत की जिसके बाद फौरन उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उन्हें लो ब्लड प्रेशर और सीने में दर्द की शिकायत के बाद आरएमएल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें
मौर्य ने आज अमित शाह को खिलाया लड्डू
इससे पहले संसद परिसर में जब अमित शाह और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ पत्रकारों से बात करने आये तो केशव प्रसाद ने अमित शाह को लड्डू खिलाया। बातों बातों में अमित शाह से सवाल पूछा गया कि वो यूपी में सीएम पद का लड्डू किसे खिला रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक बीजेपी आलाकमान लगभग ये तो तय कर चुकी है कि सीएम किसे बनाया जाना है, ऐलान कैसे करना है इसे लेकर रास्ते निकाले जा रहे हैं।
Latest India News