मन की बात: मोदी सरकार की योजना शुरू, अब शॉपिंग करने पर मिलेगा इनाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज क्रिसमस पर अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' पर लोगों से बात करेंगे।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 25 दिसंबर अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' पर लोगों से बात की। उन्होंने 27वीं 'मन की बात' के दौरान देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
महामना मदन मोहन मालवीय को जयंती पर याद करने और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को जन्मदिन की बधाई देने के बाद पीएम ने दो योजनाओं की सौगात देश को दी। उन्होंने बताया कि क्रिसमस के दिन दो योजनाओं का लाभ मिलने जा रहा है। ग्राहकों के लिये ‘लकी ग्राहक योजना' और व्यापारियों के लिये ‘डीजीधन व्यापार योजना' शुरू हो रही है।
क्रिसमस की सौगात के रूप में, पंद्रह हजार लोगों को ड्रॉ सिस्टम से इनाम मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत 15 हजार लोगों के खाते में एक-एक हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा और ये सिर्फ आज के लिए नहीं है। ये योजना आज से शुरू होकर 100 दिन तक चलने वाली है। हर दिन 15 हजार लोगों को 1-1 हजार रुपए का इनाम मिलेगा।
मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने कही ये खास बातें:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ई-बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और ई पॉकेट सहित डिजिटल भुगतान विधियों का उपयोग करने वाले लोगों के लिए लकी ड्रॉ योजनाओं की घोषणा की।
- मोदी ने कहा, "यह योजना (रविवार से) 100 दिनों तक चलेगी और इस तरह लाखों लोगों को करोड़ों रुपये जीतने का मौका मिलेगा।" हर सप्ताह एक बड़ा ड्रॉ निकाला जाएगा, जिसमें ईनाम की राशि लाखों में होगी।
- बेईमानी और भ्रष्टाचार के काले कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाना जारी रखने का संकल्प व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत सरकार पर बेनामी सम्पत्ति से जुड़े कानून को कई दशकों तक ठंडे बस्ते में डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने बेनामी सम्पत्ति कानून को धारदार बनाया है और आने वाले दिनों में यह कानून अपना काम करेगा ।
- मैंने पहले ही दिन कहा था, 8 तारीख को (नोटबंदी की घोषणा के दिन) कहा था, ये लड़ाई असामान्य है। 70 साल से बेईमानी और भ्रष्टाचार के काले कारोबार में कैसी शक्तियां जुड़ी हुई है? उनकी ताकत कितनी है? ऐसे लोगों से मैंने जब मुकाबला करना ठान लिया है तो वे भी तो सरकार को पराजित करने के लिए रोज नये तरीके अपनाते हैं।
- उन्होंने कहा कि जब वो नये तरीके अपनाते हैं तो हमें भी तो उसके काट के लिये नया तरीका ही अपनाना पड़ता है । तू डाल-डाल, तो मैं पात-पात, क्योंकि हमने तय किया है कि भ्रष्टाचारियों को, काले कारोबारों को, काले धन को, मिटाना है।
- भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम जारी रखने का संकल्प व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा, मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि ये पूर्ण विराम नहीं है, ये तो अभी शुरुआत है। ये जंग जीतना है और थकने का तो सवाल ही कहां उठता है, रुकने का तो सवाल ही नहीं उठता है।
- उन्होंने कहा कि जिस बात पर सवा-सौ करोड़ देशवासियों का आशीर्वाद हो, उसमें तो पीछे हटने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि आपको मालूम होगा हमारे देश में बेनामी संपत्ति का एक कानून है । उन्नीस सौ अठास्सी में बना था, लेकिन कभी भी न उसके नियम बनें, उसको अधिसूचित नहीं किया । ऐसे ही वो ठंडे बस्ते में पड़ा रहा । हमने उसको निकाला है और बड़ा धारदार बेनामी संपत्ति का कानून हमने बनाया है। आने वाले दिनों में वो कानून भी अपना काम करेगा । देशहित के लिये, जनहित के लिये, जो भी करना पड़े, ये हमारी प्राथमिकता है।
- उन्होंने कहा, "हम 14 अप्रैल, 2017 को अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक बंपर ड्रॉ का आयोजन करेंगे, जिसके तहत ईनामी राशि करोड़ों रुपयों में होगी।"