सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज शनिवार को सुबह नक्सलियों ने सीआरपीएफ की टुकड़ी पर बड़ा हमला किया, जिसमें 11 जवानों के शहीद होने और 5 अन्य जवानों के घायल होने की सूचना है।
खबरों के अनुसार आज सुबह सीआरपीएफ के 219 बटालियन के जवान सर्चिंग पर निकले थे, और सुकमा जिले के घुर नक्सल इलाके में सड़क निर्माण का काम हो रहा था, जहां नक्सलियों ने एंबुस लगाकर हमला किया, जिसमें 11 जवान शहीद हो गये हैं। हमले में सीआरपीएफ के जवानों के 10 हथियार और रेडियो सेट लूटने की भी खबर सामने आई है।
नक्सल हमले का जवाब देते हुए जवानों ने फायरिंग की जिसमें दो नक्सलियों के भी मारे जाने की सूचना है। सुकमा जिले में नक्सली हमले के बाद अतिरिक्त फोर्स भेज दी गई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने यहां और आईईडी भी लगा रखी है।
सघन सर्च ऑपरेशन भी जारी
नक्सली हमले के बाद सीआरपीएफ ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि लगातार 5 आईईडी ब्लास्ट इस एंबुस के दौरान नक्सलियों द्वारा किए गए हैं। एक साल पहले झेरम घाटी में भी ऐसा ही हमला हुआ था।
Latest India News