A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नोएडा में 3700 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा

नोएडा में 3700 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी का खुलासा

उत्तर प्रदेश STF ने सोशल ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 3700 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में STF ने कंपनी के मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और कंपनी का खाता भी सीज कर दिया है।

online fraud- India TV Hindi
online fraud

नोएडा: उत्तर प्रदेश STF ने सोशल ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 3700 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में STF ने कंपनी के मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और कंपनी का खाता भी सीज कर दिया है जिसमें लगभग 500 करोड़ रपये की राशि बताई जाती है। STF ने ये गिरफ्तारियां नोएडा के सेक्टर-63 के एफ ब्लाक में चल रही कंपनी से की। 

(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

STF के मुताबिक इन लोगों ने लगभग सात लाख लोगों से पोंजी स्कीम के जरिये डिजिटल मार्केटिंग के नाम पर इतनी बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। 
उत्तर प्रदेश STF के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने बताया कि STF को सूचना मिली थी कि सेक्टर-63 के एफ ब्लाक में अब्लेज इन्फो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा पोंजी स्कीम के तहत लोगों से फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि कंपनी लोगों को सोशल ट्रेड बिज पोर्टल से जोड़ने के लिए 50 से 60 हजार रूपए कंपनी एकाउंट में जमा करने को कहती थी। उसके बाद हर सदस्य को पोर्टल पर चलने वाले विग्यापन को लाइक करने के लिए हर क्लिक पर घर बैठे पांच रूपए मिलते थे। हर सदस्य को अपने नीचे दो और लोगों को जोड़ना होता था जिसके बाद सदस्य को अतिरिक्त पैसे मिलते थे। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने विग्यापन खुद डिजाइन कर पोर्टल पर डालती थी और सदस्यों से लिये गये पैसे को उन्हीं को वापस करती थी।

प्रवर्तन एजेंसी से बचने के लिए यह कथित कंपनी लगातार नाम बदल रही थी। पहले सोशल ट्रेड विज, फिर फ्री हब डॉटकाम से इंटामाट डॉटकाम, थ्री डब्ल्यू डॉटकाम के नाम से यह कंपनी लोगों से फर्जीवाड़ा कर रही थी। इस कंपनी द्वारा बनाये गये कुछ सदस्यों ने थाना फेस-3 और थाना सूरजपुर में कंपनी की धोखाधड़ी को लेकर मामला दर्ज कराया था। 

पुलिस के आलाधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान STF को पता चला कि कंपनी अब तक लगभग सात लाख लोगों से पोंजी स्कीम के जरिये सोशल ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 37 अरब रूपए का फर्जीवाड़ा कर चुकी है। जांच के बाद एसटीएफ ने कंपनी के मालिक अभिनव मित्तल, श्रीधर और महेश को गिरफ्तार कर लिया। इस कंपनी की लगभग 500 करोड़ की धनराशि का पता लगाकर एसटीएफ ने इसका खाता सीज करा दिया है। 

Latest India News