नई दिल्ली: उग्रवादियों से लड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के परिजनों की मदद के लिए गृह मंत्रालय द्वारा एक महीने पहले स्थापित कोष में लोगों ने 2.10 करोड़ रूपये का दान दिया है। इसमें से 60 लाख रूपये 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के हमले में मारे गये 25 जवानों के लिए प्राप्त हुए हैं।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, भारत के वीर वेबसाइट को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। एक महीने के अंदर, पोर्टल को शहीदों के परिजनों के लिए दो करोड़ रूपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है।
पिछले महीने सिंह और अभिनेता अक्षय कुमार ने भारत के वीर वेबसाइट और एप शुरू किया था। कुमार ने इसका विचार दिया था। आम लोग पोर्टल पर जाकर शहीद जवानों के परिजनों की मदद के लिए योगदान दे सकते हैं। गृह मंत्री ने कहा, वेबसाइट पर किया गया मौद्रिक योगदान सीधे शहीद जवान के परिवार के खाते में जाता है।
एप और वेबसाइट के शुरू होने के कार्यक्रम में अभिनेता कुमार ने उनका सपना सच करने और दिवंगत जवानों के परिजनों को वित्तीय मदद के लिए हर किसी को मंच देने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय की प्रशंसा की थी।
Latest India News