A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. JNU कैम्पस में लावारिस बैग से पिस्तौल, कारतूस बरामद

JNU कैम्पस में लावारिस बैग से पिस्तौल, कारतूस बरामद

JNU परिसर में लावारिस पड़े एक बैग से पिस्तौल और कारतूस बरामद हुये हैं।

pistols and bullets recovered from unclaimed bag in jnu- India TV Hindi
pistols and bullets recovered from unclaimed bag in jnu

नई दिल्ली: देश के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के परिसर में लावारिस पड़े एक बैग से पिस्तौल और कारतूस बरामद हुये हैं। जेएनयू में एमएससी, बायोटेक्नोलॉजी के छात्र नजीब अहमद के गायब होने के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों का एक वर्ग उसकी तलाश के लिए आंदोलन कर रहा है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेएनयू के एक सुरक्षाकर्मी ने देर रात करीब दो बजे काले रंग का एक बैग देखा। इसमें 7.65 एमएम की एक पिस्तौल, सात कारतूस और एक पेंचकस था। विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी ने जेएनयू प्रशासन को इसके बारे में सूचित किया जिसने पुलिस को बुलाया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अग्यात व्यक्तियों के खिलाफ शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है। उल्लेखनीय है कि जेएनयू के छात्र नजीब के गायब होने के मुद्दे पर विश्वविद्यालय के छात्रों का एक वर्ग आंदोलन कर रहा है। आंदोलन करने वालों में लापता छात्र की मां और बहन भी शामिल हैं।

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में बायोटेक्नोलॉजी से एमएससी करने वाला 27 वर्षीय छात्र नजीब उत्तर प्रदेश के बदायूं का निवासी है। विश्वविद्यालय परिसर में 15 अक्तूबर को कथित तौर पर एबीवीपी के सदस्यों के साथ हाथापाई के बाद वह से लापता है।

Latest India News