नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में आज सोमनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार पीएम नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में दर्शन करने के दौरान पीएम मोदी और अमित शाह के साथ लाल कृष्ण आडवाणी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल और सोमनाथ ट्रस्ट के ट्रस्टी भी मौजूद रहे।
इससे पहले पीएम मोदी ने गुजरात के दौरे के पहले दिन 7 मार्च को अहमदाबाद-मुंबबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुगम बनाने के लिए पुल की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने भरुच में नर्मदा नदी पर बने केबल ब्रिज का उदघाटन भी किया। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे और 21 मीटर चौड़े इस ब्रिज से भरूच में जाम की समस्या खत्म होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पास स्थित गढ़वा घाट आश्रम भी गए थे। मोदी गढ़वा घाट पहली बार पहुंचे थे। वहां मोदी ने गौशाला में गायों को चारा खिलाया। मोदी ने यहां पूजा और संतों से मुलाकात भी की थी। संतों ने प्रधानमंत्री को रुद्राक्ष की माला पहनाकर उनका स्वागत किया था।
Latest India News