रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को रायपुर से भारत के करोड़ों किसानों के लिए सौर सुजला योजना का शुभारंभ करेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने शनिवार को नया रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा, "हमें खुशी है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा तैयार इस योजना को प्रधानमंत्री ने पूरे देश में लागू करने का निर्णय लिया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली नहीं पहुंच पाई है, वहां किसानों को सौर ऊर्जा पंप से सिंचाई की सुविधा दी जाएगी। सौर सुजला योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का चयन कृषि विभाग द्वारा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के माध्यम से सिंचाई के लिए सौर ऊर्जा पंप स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को बताया कि एशिया का सबसे बड़ा मानव निर्मित जंगल सफारी नया रायपुर में 320 हेक्टेयर में विकसित किया गया है। अक्टूबर 2012 में इसका निर्माण शुरू किया गया था। जंगल सफारी के बीच खंडवा जलाशय 131 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला है। जलाशय के बीच नेस्टिंग आइलैंड का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नया रायपुर के लिए एक ऑक्सीजोन है।
रमन सिंह ने कहा कि बीआरटीएस के तहत रायपुर और नया रायपुर के बीच सार्वजनिक परिवहन के लिए रायपुर में दो पिक-अप पाइंट, नया रायपुर में 10 बस शेल्टर तथा एक बस डिपो बनाया गया है। नया रायपुर में 53 किलोमीटर साइकिल ट्रैक तथा पैदल पथ का निर्माण भी नॉन मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट के तहत किया गया है। प्रथम चरण में 30 एसी बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों में जीपीएस सिस्टम भी है।
Latest India News