काठमांडू: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को नेपाल की राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी के साथ वार्ता की। मुखर्जी बुधवार को नेपाल की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर काठमांडू पहुंचे। वार्ता के दौरान, दोनों नेताओं ने उम्मीद जताई कि भारत के राष्ट्रपति के दौरे से द्विपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे। पिछले 18 वर्षो में यह भारत के किसी राष्ट्रपति की पहली आधिकारिक यात्रा है।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
नेपाल के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता भरत राज पौडियाल ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का अपने कार्यालय में स्वागत करते हुए राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और नेपाल-भारत के वर्तमान संबंधों पर संतोष जताया, साथ ही दोनों देशों के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व के बीच नियमित मुलाकात पर बल दिया। मुखर्जी ने भंडारी से कहा कि वह नई दिल्ली में जल्द ही उनकी मेजबानी करने को उत्सुक हैं।
बैठक के बाद मुखर्जी नेपाल स्थित भारतीय दूतावास की ओर से आयोजित भोज में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए।एक राज्य मंत्री, कुछ सांसद, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों तथा सुरक्षाकर्मियों सहित 60 सदस्यीय दल के साथ प्रणब मुखर्जी अपराह्न 12.30 बजे काठमांडू पहुंचे। नेपाल की उनकी समकक्ष विद्या देवी भंडारी ने त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के वीवीआईपी लाउंज में उनकी अगवानी की।
विशेष स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति भंडारी व उनके भारतीय समकक्ष राष्ट्रपति कार्यालय शीतल निवास गए।हवाईअड्डे से लेकर शीतल निवास के बीच सड़क पर लोग जगह-जगह पर कतारों में खड़े थे और दोनों देशों के झंडे लहरा रहे थे।प्रशासन ने मुखर्जी के आगमन से पूर्व हवाईअड्डा बंद कर दिया था।सरकार ने मुखर्जी के सम्मान में राजकीय अवकाश की घोषणा की है।
मुखर्जी गुरुवार को पशुपतिनाथ मंदिर में प्रार्थना करेंगे और काठमांडू यूनिवर्सिटी का दौरा करेंगे, जहां उन्हें एक मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। वह इंडिया फाउंडेशन की ओर से आयोजित एक सम्मेलन में भी शामिल होंगे। मुखर्जी से पहले के.आर.नारायणन ने 28 मई, 1998 को नेपाल का दौरा किया था।
Latest India News