जयपुर: राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि आवारा गायों पर अंकुश लगाने के लिये गायों पर चिप लगाई जायेगी और पकड़े जाने पर मालिक से हर्जाना वसूला जायेगा।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उदयपुर में एक कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राजे ने आज कहा कि आमतौर पर गाये दूध देना बंद करती है। उनके मालिक गायों को छोड देते है, जिससे नगर निगम कर्मियों की जिम्मेदारी बढ जाती है और सरकारी गौशालाओं पर उनके लालन पालन का आर्थिक बोझ बढता है। अब आवारा गायों पर अंकुश लगाने के लिये सभी गायों के कानों में एक चिप लगाई जायेगी और पकड़े जाने पर मालिक से हर्जाना वसूला जायेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। भ्रष्टाचार होने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने हाल ही में मंत्रिमंडल बदलाव में शामिल किये गये नगरीय आवास मंत्री श्रीचंद कृपलानी की स्वच्छ छवि का उदाहरण देते हुए जनप्रतिनिधियों से उनके जैसी स्वच्छ छवि बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पर्यटक बहुत बड़ी संख्या में आते है। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को प्रत्येक शहर स्वच्छ, सुदंर, आकर्षित लगे उसके लिये पर्यटन के क्षेत्र को नवाचारों से जोड़ा जाना चाहिए। इस कड़ी में उदयपुर में चल रहे ई-रिक्शे की तर्ज पर जयपुर में भी रंगीन ई-रिक्शे का संचालन शुरू किया जाना चाहिए। शहरों में आपसी प्रतिस्पर्धा से प्रदेश में विकास का माहौल बनेगा।
राजे ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिये प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने, दीवारों पर पोस्टर लगाने पर कार्रवाई करने, हेरिटेज भवनों को उनके मूल स्वरूप में बनाये रखने, शहरों में लोगों को घूमने के लिये वाक-वे बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
Latest India News