A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल-सोनिया की नई मुश्किल, यंग इंडियन का नाम हवाला कारोबारी से जुड़ा

राहुल-सोनिया की नई मुश्किल, यंग इंडियन का नाम हवाला कारोबारी से जुड़ा

राहुल गांधी और सोनिया गांधी नई मुश्किल में घिर गए हैं। ये मुश्किल इनकम टैक्स की जांच रिपोर्ट से सामने आई है। इंडिया टीवी के पास इस जांच रिपोर्ट की कॉपी है।

Rahul sonia- India TV Hindi
Image Source : PTI Rahul sonia

नई दिल्ली: राहुल  गांधी और सोनिया गांधी नई मुश्किल में घिर गए हैं। ये मुश्किल इनकम टैक्स की जांच रिपोर्ट से सामने आई है। इंडिया टीवी के पास इस जांच रिपोर्ट की कॉपी है। ये रिपोर्ट सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कंपनी यंग इंडियन के बारे में हैं। यंग इंडियन ने नेशनल हेराल्ड को खरीदने के लिए एक ऐसी कंपनी से लोन लिया जिस पर हवाला कारोबार करने का शक है। 

इनकम टैक्स डिपार्टमेट जब नेशनल हेराल़्ड के शेयर ट्रांसफर की तह तक गया, तो पता चला कि जब राहुल गांधी और सोनिया की कंपनी यंग इंडियन ने नेशनल हेराल्ड को खरीदा ,उस वक्त यंग इंडियन कंपनी के खाते में 50 लाख रुपए भी नहीं थे। यंग इंडियन के खाते में अचानक कोलकाता की एक कंपनी Dotex Merchandise से एक करोड़ रुपए आए और इस एक करोड़ में से 50 लाख रुपए में नेशनल हेराल्ड की डील हुई। इनकम टैक्स की जांच में सामने आया कि ये पैसा हवाला के जरिए ट्रांसफर हुआ था। मतलब कोलकाता की कंपनी को कैश में पैसे दिए गए और फिर इस कंपनी ने यंग इंडियन को चैक से पेमेंट कर दिया। 

Dotex Merchandise कंपनी के डायरेक्टर सुनील भंडारी और सुनील सांगानेरिया के हवाला कारोबार से जुड़े होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक यंग इंडियन ने एक करोड़ रुपये लोन की रकम आज तक नही लौटाई। इनकम टैक्स की रिपोर्ट में इस लोन पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। इनकम टैक्स की रिपोर्ट में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को इस पूरे लेनदेन का असली बेनीफिशियरी बताया गया है क्योंकि उनके पास यंग इंडियन के 75 फीसदी से अधिक शेयर हैं। 

इनकम टैक्स की जांच रिपोर्ट में यंग इंडियन को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ। कांग्रेस की तरफ से एसोसिएटेड जर्नल को 90 करोड़ रुपये का लोन देने का दावा किया गया था। लेकिन इनकम टैक्स की जांच में इसके सबूत ही नहीं मिले। आरोप है कि इसी 90 करोड़ रुपये के लोन को 50 लाख रुपए में खऱीदकर यंग इंडियन ने एसोसिएटेड जर्नल पर कब्जा किया था। 

दरअसल इस गड़बड़झाले की शुरुआत नवंबर 2010 में हुई जब यंग इंडियन कंपनी स्थापित की गई। इसे 50 लाख रुपए की नॉमिनल कैपिटल से शुरू किया गया। यंग इंडियन के बनने से सिर्फ 23 दिन पहले ही कांग्रेस पार्टी द्वारा एसोसिएटेड जर्नल को 90 करोड़ का लोन दिया गया था। यंग इ्ंडियन के पास 90 करोड़ के इस लोन को खरीदने के लिए पैसे नही थे। ऐसे में इसने कोलकाता के Dotex Merchandise Pvt Ltd  से 1 करोड़ रुपए का लोन लिया गया था। यंग इंडियन के स्थापित होने के सिर्फ ढाई महीने के अंदर ये सारे ट्रांजैक्शन निपटा लिए गए।

हालांकि कांग्रेस इस रिपोर्ट को बदलने की भावना सेकांग्रेस लीडरशिप को बदनाम करने की साजिश बता रही है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, इनकम टैक्स को कोलकाता की कंपनी पर शक है।तो  इनकम टैक्स उस कंपनी की जांच करवा ले। इस मामले का यंग इंडियन या राहुल गांधी या सोनिया गांधी से क्या लेना देना है।

कांग्रेस नहीं चाहती थी कि इस मामले को फिर खोला जाए और इनकम टैक्स इसकी जांच करे। लेकिन आज दिल्ली हाईकोर्ट ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को इस मामले में जांच करने की इजाजत भी दे दी। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के हिस्सेदारी वाली यंग इंडियन लिमिटेड ने इनकम टैक्स की कार्यवाही पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी।

Latest India News