A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने JNU मामले में रिपोर्ट मांगी

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने JNU मामले में रिपोर्ट मांगी

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक लापता छात्र को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दिल्ली के पुलिस से रिपोर्ट तलब की।

Rajnath Singh- India TV Hindi
Rajnath Singh

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक लापता छात्र को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को दिल्ली के पुलिस से रिपोर्ट तलब की। गृह मंत्रालय के अनुसार, राजनाथ ने दिल्ली पुलिस के आयुक्त आलोक कुमार वर्मा से मामले की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।

गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के. एस. धतवालिया ने आईएएनएस से कहा, "गृह मंत्री ने शहर के पुलिस आयुक्त से बातचीत की है और मामले में एक रिपोर्ट देने के लिए कहा है।" प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से लापता छात्र नजीब अहमद के बारे में जानकारी पर ठोस जवाब की मांग कर रहा है।

गुमशुदा छात्र की तलाश के लिए 12 पुलिस टीम

JNU के गुमशुदा छात्र की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस ने 12 टीमें तैयार की हैं। दिल्ली पुलिस छात्र नजीब के दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। ग़ौरतलब है कि स्कूल ऑफ बायोटेक्नोलॉजी का छात्र नजीब अहमद शनिवार से कथित तौर पर लापता है। उसका लापता होने से एक रात पहले कैंपस में उसका झगड़ा हुआ था। छात्र के अभिभावकों से मिली शिकायत के बाद वसंत कुंज उत्तर थाना में कल एक व्यक्ति के अपहरण और गलत तरीके से कैद कर रखने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई।

इस बीच लापता छात्र को लेकर चल रहा प्रदर्शन उस वक्त गंभीर हो गया जब आंदोलनकारी छात्रों ने कुलपति और दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों को प्रशासनिक भवन में बंद कर दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति एम जगदीश कुमार ने कहा, हम इमारत के भीतर दिन में 2.30 बजे से बंद हैं। हमारे साथ एक महिला सहकर्मी भी हैं जो अस्वस्थ हो गईं हैं क्योंकि उनको मधुमेह है। दूसरी ओर, जेएनयू के छात्रों ने अपने रूख का बचाव करते हुए दावा किया कि किसी को अवैध रूप से बंधक नहीं बनाया गया।

Latest India News