हैदराबाद: RSS ने मंगलवार को कहा कि हिंदू समाज की यह इच्छा है कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो और इस इच्छा को पूरी करने के लिए उसने सभी कानूनी बाधाओं को दूर करने का आह्वान किया। RSS महासचिव सुरेश भैयाजी जोशी ने कहा, हिंदू समाज की इच्छा है कि अयोध्या में राम मंदिर होना चाहिए। जो भी कानूनी समस्याएं हैं उसका समाधान किए जाने की आवश्यकता है और एक राम मंदिर का निर्माण हो----यही हम सबकी इच्छा है। मामला उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित है।
जोशी आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक के समाप्त होने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का मुद्दा 30 साल से अधिक समय से है और इसे उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़ना गलत होगा।
जोशी ने कहा, 1984 से ही राम मंदिर के निर्माण के लिए यह आंदोलन पूरे देश में चल रहा है--इसमें नया कुछ नहीं है। अदालती मामलों की वजह से कुछ विलंब हुआ है। आरएसएस नेता ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 2010 के फैसले के बाद अयोध्या में विवादित स्थल पर राम मंदिर के अलावा किसी अन्य ढांचे का निर्माण मुश्किल है।
गौरक्षकों के मुद्दे पर जोशी ने कहा कि आरएसएस लंबे समय से गाय की रक्षा पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा, यह भावनात्मक मुद्दा नहीं है लेकिन यह देश के आर्थिक विकास से जुड़ा हुआ है। जोशी ने कहा कि गो रक्षकों को सुरक्षा दी जानी चाहिए।
Latest India News