नई दिल्ली: भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने आज कहा कि नारद स्टिंग मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी पार्टी के नेताओं और मंत्रियों के लिए जेल बनवाने शुरू कर देना चाहिए।
संसद के बाहर गांगुली ने व्यंगात्मक ढंग से कहा, मुख्यमंत्री ने वक्तव्य में कहा है कि वह फैसले का स्वागत करती हैं। फैसले का स्वागत करने भर से क्या होना है। 30-40 लोगों के लिए जेल बनाए जाएं। चलिए इसकी शुरूआत 12 लोगों के साथ करते हैं (जो कथित रूप से घूस लेते कैमरे में दर्ज हुए थे)।
ये भी पढ़ें
उन्होंने कहा, धीरे धीरे सब कुछ सामने आएगा और जेलों में जगह भी कम पड़ जाएगी। जेल उनके बड़े मंत्रियों और नेताओं के लिए होगी। पांच सितारे जेल बनाने चाहिए।
कल उच्चतम न्यायालय ने नारद स्टिंग ऑपरेशन में सीबीआई जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। सीबीआई जांच का आदेश कलकत्ता उच्च न्यायालय ने दिया था। ममता बनर्जी ने शीर्ष अदालत के आदेश को सकारात्मक बताया था।
Latest India News