A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शहीद मनदीप के गांव में उदासी, 50 लाख की सहायता का ऐलान

शहीद मनदीप के गांव में उदासी, 50 लाख की सहायता का ऐलान

सेना के जवान मनदीप सिंह की शहादत के बाद हरियाणा में उनके पैतृक गांव में उदासी छाए रहने के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके परिवार के लिए 50 लाख रूपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है।

Mandeep Martyr- India TV Hindi
Mandeep Martyr

कुरूक्षेत्र: सेना के जवान मनदीप सिंह की शहादत के बाद हरियाणा में उनके पैतृक गांव में उदासी छाए रहने के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उनके परिवार के लिए 50 लाख रूपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। खट्टर ने 17वें सिख रेंजिमेंट के जवान मनदीप सिंह की मौत को आतंकवादियों का कायराना कृत्य बताया। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार को एक संदेश में कहा कि बुरी ताकतों के नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे। आतंकवादियों ने कल जम्मू कश्मीर के माछिल सेक्टर में मनदीप की हत्या कर दी थी। 

(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

इस बीच मनदीप के घर शोक की लहर है और कई महिलाएं मनदीप की पत्नी को दिलासा देने की कोशिश कर रही थीं। दो साल पहले ही मनदीप की शादी हुई थी। कुरूक्षेत्र की उपायुक्त सुमेधा कटारिया भी जवान के घर गयीं और अपनी संवेदना प्रकट की। शहीद के पड़ोसियों ने मनदीप को एक व्यवहारकुशल व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके चेहरे पर हमेशा मुस्कुराहट बनी रहती थी। वह हमेशा हर जरूरतमंद व्यक्ति की मदद किया करते थे। 

मनदीप की पत्नी प्रेरणा हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं और वह यहां के शाहबाद मरकंदा में तैनात हैं। प्रेरणा ने रूंधे गले से कहा, ''पाकिस्तान को निश्चित तौर पर इसके लिए पाठ पढ़ाना चाहिए ताकि किसी अन्य सैनिक के परिवार को इस तरह के दर्द से नहीं गुजरना पड़े।'' उन्होंने कहा कि मनदीप ने कभी अपनी तैनाती के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। यह सोचकर कि इससे हम चिंतित होंगे । 

प्रेरणा ने बताया कि मनदीप छह महीने पहले ही छुट्टियों में घर आए थे । दिवाली पर उनके घर आने का अनुमान था लेकिन माछिल सेक्टर में सीमा पर तनाव को देखते हुए उनकी छुट्टी रद्द हो गई थी। मनदीप पेशे से ट्रक ड्राइवर फूल सिंह के तीन बेटों में सबसे छोटे थे। मनदीप की शहादत पर समूचा गांव शोकाकुल है और इसी वजह से उन्होंने दिवाली नहीं मनाने का फैसला किया है। 

Latest India News