जयपुर: राजस्थान के टोंक में एक अफवाह ने गांवों वालों को गड्ढे खोदने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल टोंक के गांव में जमीन से सोने के सिक्के मिलने की खबर फैली तो दूर दूर के गांवों से लोग यहां आकर कई दिनों से खजाने की खोज में जुटे हुए हैं। धरती से माता जानकी के निकलने की कहानी तो आपने सुनी होगी, लेकिन टोंक के जानकीपुरा में लोग ज़मीन में खज़ाना खोजने में जुटे हैं।
धरती से सोने के सिक्के निकलने की अफवाह के चलते आस-पास के गांव के लोग खजाने को खोदने में जुट गए है। बच्चे, बूढ़े, पुरुष और महिलाएं सभी दो तीन दिन में इतनी शिद्दत से इलाके को खोद रहे हैं कि चार-पांच ट्रॉली मिट्टी ऊपर आ चुकी है।
टोंक के जानकीपुरा के इस गांव में नदी किनारे बाबा का प्रसिद्ध मंदिर है। लोग यहां अपनी मन्नतें लेकर आते हैं, लेकिन आजकल लोग सोने के सिक्के की चाहत लेकर आ रहे हैं, और मिट्टी से सोना तलाशने के लिए जी जान से जुटे हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि इस खबर को लेकर प्रशासन के पास कोई खबर नहीं है।
लोगों से बात करने पर उन्होंने बताया कि किसी को एक सिक्का मिला है तो किसी को दो कोई पांच सिक्कों की बात कर रहा है तो कोई सौ की। लेकिन जितने लोग मौजूद हैं उनके पास इन बातों को साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है, और ना ही लोग जमीन को छोड़कर जाने को तैयार हैं।
Latest India News