A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर प्रदेश चुनाव में 'गठबंधन' होगा, 'महागठबंधन' नहीं: नीतीश कुमार

उत्तर प्रदेश चुनाव में 'गठबंधन' होगा, 'महागठबंधन' नहीं: नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में जो भी होगा वह 'गठबंधन' होगा, बिहार की तरह 'महागठबंधन' नहीं होगा।

Nitish Kumar | PTI- India TV Hindi
Nitish Kumar | PTI

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में जो भी होगा वह 'गठबंधन' होगा, बिहार की तरह 'महागठबंधन' नहीं होगा। पटना में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), जनता दल युनाइटेड (JDU) और कांग्रेस में महागठबंधन है परंतु ऐसी स्थिति अब तक उत्तर प्रदेश में नजर नहीं आ रही है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

JDU के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में महागठबंधन के लिए कांग्रेस को ही पहल करनी होगी। कांग्रेस बड़ी और पुरानी पार्टी है। महागठबंधन में समाजवादी पार्टी (SP) व बहुजन समाज पार्टी (BSP) को भी शामिल करना होगा। समाजवादी पार्टी की स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल नहीं होने के एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उस दिन छठ पर्व का खरना होगा, उनके घर में भी छठ पर्व का आयोजन होता है और ऐसे में उनका पटना से बाहर रहना असंभव है।

मुख्यमंत्री ने शराबबंदी कानून को लेकर सुझाव मांगे जाने पर कहा, ‘सरकार इस कानून को लेकर किसी को आलोचना का आधार नहीं देना चाहती। 12 नवंबर तक लोगों से सुझाव मांगे गए हैं, उसके बाद सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी।’ उल्लेखनीय है कि सरकार बिहार में लागू शराबबंदी के नए कानून पर अब लेागों से सुझाव मांग रही है। इसके लिए मद्य एवं निषेध विभाग द्वारा विज्ञापन प्रकाशित करवाया गया है।

Latest India News