A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देशभर में दिवाली को लेकर उत्साह, बड़े शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

देशभर में दिवाली को लेकर उत्साह, बड़े शहरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नई दिल्ली: दिवाली के मौके पर आतंकी हमले की आशंका से देश भर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। दिल्ली से जयपुर तक सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। चंडीगढ़ में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी वाले

diwali- India TV Hindi
diwali

नई दिल्ली: दिवाली के मौके पर आतंकी हमले की आशंका से देश भर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। दिल्ली से जयपुर तक सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। चंडीगढ़ में लेटेस्ट टेक्नोलॉजी वाले ड्रोन से हर पल बाजारों और संवेदनशील जगहों पर नज़र रखी जा रही है। आसमान से 24 घंटे चौकसी करने में ये खास ड्रोन अहम भूमिका निभा रहे हैं।

आसमान में ड्रोन...ज़मीन पर पहरा

ड्रोन की नज़र से कोई भी नहीं बच सकता। पलक झपकते ही ये ड्रोन आसमान में 100 मीटर ऊपर उड़ान भरने लगता है और इसमें लगा कैमरा हर संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखे हुए है। जैसे-जैसे ड्रोन हवा में उड़ान भरता है वैसे वैसे ड्रोन में लगा हाई डिफिनिशन कैमरा ऊंचाई से हर गतिविधि की तस्वीरें नीचे पुलिस कंट्रोल रूम में भेजना शुरू कर देता है।

ड्रोन से कैसे हारेंगे देश के दुश्मन ?

आतंकी गतिविधियों को देखते हुए इस बार चंडीगढ़ में सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किया गया है। दिवाली के मौके पर चंडीगढ़ के बाजारों में काफी भीड़ भाड़ है। हर गतिविधि पर पैनी नज़र रखने के लिए अत्याधुनिक तकनीक वाले ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस के जवानों को मार्केट में तैनात किया गया है। ड्रोन को चलाने की स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। एक हैंडहेल्ड डिवाइस में लगे कंट्रोलर से ड्रोन को नीचे से कंट्रोल किया जा रहा है।

चंडीगढ़ पुलिस ड्रोन से निगरानी चौबीस घंटे निगरानी कर रही है ताकि दिवाली के मौके पर लोग बेफिक्र होकर घरों से निकल सके और त्योहार का मजा उठा सके।

दिवाली पर पहरे में पूरा हिंदुस्तान

राजधानी दिल्ली और मुंबई में भी आतंकी गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजधानी के बाजारों में लगातार चेकिंग की जा रही है और मचान बनाकर दूर तक नज़र रखी जा रही है। मुंबई में भी पुलिस गाड़ियों की लगातार चेकिंग कर रही है और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है।

देखिए वीडियो-

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके के बाजार में दिवाली की खरीददारी के लिए काफी भीड़ है। लेकिन आतंकी गतिविधियों को देखते हुए लखनऊ पुलिस अलर्ट है। हर आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। गाड़ियों की लगातार चेकिंग की जा रही है। वहीं, राजस्थान पुलिस के जवान जयपुर में हर पल चौकस हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखे हुए हैं। जयपुर के बाजारों और मुख्य सड़कों पर पुलिस की पैनी नज़र है। कई टोलियां बनाकर पुलिस चप्पे -चप्पे पर निगरानी रख रही है।

Latest India News