तिरूचिरापल्ली (तमिलनाडु): कचरा बीनने वाली एक महिला ने जब कचरा पेटी से बेकार सामग्री निकालने की कोशिश की तो उसमें फेंके गए बंद हो चुके 1000 रूपये के नोट के टुकड़े निकले जो हवा से बिखर कर इधर-उधर उड़ने लगे जिससे खलबली मच गयी।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
पुलिस ने बताया कि वोराइवुर में जैसे ही बगल से गुजरने वाले पुरूषों और महिलाओं को नोटों के टुकड़े उड़ते दिखे वे कचरा पेटी की तरफ लपके और साबुत नोट की आस में कचरा पेटी पर टूट पड़े।
वोराइवुर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया, बंद हो चुके 1000 के नोट पूरी तरह टुकड़े-टुकड़े थे और यह कचरा पेटी में पड़े हुए थे। जब एक कचरा बीनने वाली महिला ने उससे बेकार सामग्री निकालने की कोशिश की तो कटे फटे नोट के टुकड़े हवा से उड़ कर इधर उधर बिखर गये।
इसके बाद तो वहां लोगों का जमावड़ा लग गया। अधिकारी ने बताया, ऐसे नोटों की संख्या बहुत ज्यादा नहीं थी। हम बंद हो चुके नोटों को फेंकने के मामले की जांच कर रहे हैं।
Latest India News