नयी दिल्ली: वन रैंक वन पेंशन के मुद्दे पर आत्महत्या करने वाले भूतपूर्व सैनिक ने अपने सुसाइड नोट में कहा कि वह अपने देश और साथी जवानों के लिए जान दे रहा है। कल दोहपर बाद 70 वर्षीय रामकिशन ग्रेवाल ने जवाहर भवन के पीछे कथित तौर पर जहर पी लिया था । जवाहर भवन में विदेश मंत्रालय का कार्यालय है। ग्रेवाल हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले थे।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
पुलिस ने कहा कि वह अपने तीन साथियों के साथ मुद्दे पर रक्षा मंत्रालय को ज्ञापन सौंपने दिल्ली आए थे। ग्रेवाल ने अपना सुसाइड नोट उस दस्तावेज पर लिखा जो वह रक्षा मंत्रालय को सौंपना चाहते थे। पुलिस के अनुसार ग्रेवाल ने लिखा, मैं अपने देश, अपनी मातृभूमि और अपने बहादुर साथी जवानों के लिए अपना जीवन कुर्बान कर रहा हूं।
ग्रेवाल की अंतिम बात अपने बेटे से हुई । इस बातचीत की ऑडियो क्लिप समाचार चैनलों पर प्रसारित हुई। उन्होंने इस बातचीत में अपने बेटे से कहा, उसने जहर पी लिया है और एक रैंक एक पेंशन तथा अपने साथी जवानों के लिए जान दे रहा है। ग्रेवाल ने सेना और डीएससी में 30 साल तक सेवा दी। उनके मित्रों के अनुसार ग्रेवाल मुद्दे को लेकर कुछ समय से परेशान थे।
Latest India News