देहरादून: उत्तराखंड में सोमवार देर रात आए भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की खबर नहीं है। राज्य सरकार के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि राज्य में रात 10.33 बजे 15 सेंकड तक रिक्टर पैमाने पर 5.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसका केंद्र रुद्रप्रयाग जिला था।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उन्होंने देश के उत्तरी भाग में आए भूकंप के बाद के हालात का जायजा लिया है। उन्होंने ट्वीट किया, :मैंने: उत्तर भारत के विभिन्न भागों में भूकंप आने के बाद के हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से बात की। उन्होंने ट्वीट किया, पीएमओ :प्रधानमंत्री कार्यालय: भूकंप का केन्द्र रहे उत्तराखंड में अधिकारियों के संपर्क में हैं। मैं सभी की सुरक्षा और कुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
उत्तराखंड में कल रात भूकंप आया जिसकी रिक्टर पैमाने पर तीव्रता 5.8 थी। कई जिलों में लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर आ गए। भूकंप के कारण चमोली और देहरादून के घरों की दीवारों और छतों पर मामूली दरारों की खबर मिली है। एनडीआरएफ की टीमों को अलर्ट कर दिया गया है।
आपदा प्रबंधन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कार्यालय राज्य अधिकारियों के संपर्क में हैं। सोमवार रात आया यह भूकंप पर्वतीय राज्य में पिछले तीन महीनों में छठा भूकंप है।
राज्य सरकार द्वारा रात भर विभिन्न जिलों से एकत्र की गई रिपोर्टों के अनुसार टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, हरिद्वार और देहरादून जिलों में भूकंप महसूस किया गया।
इसके अलावा चंपावत, पिथौड़ागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और उधमसिंहनगर में भूकंप के झटकों ने लोगों को रात भर घर से बाहर खुले में रात बिताने पर मजबूर कर दिया।
क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग में जमीन के अंदर 33 किलोमीटर की गहराई पर था।
Latest India News