नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार के 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने पर कई सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर ‘अपनों’ को फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया है। केजरीवाल ने मोदी सरकार से पूछा है कि 1000 रुपये का नोट बंद करके 2000 रुपये का नोट लाने पर भ्रष्टाचार कैसे खत्म होगा।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आम आदमी पार्टी के फेसबुक अकाउंट पर जारी किए गए इस वीडियो में अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘जो लोग अफसरों के लिए रिश्वत लेकर जाते थे, यदि वह 1000-1000 के 100 नोट लेकर जाते थे, तो अब उनको 50 लेकर जाना पड़ेगा। जिन लोगों ने अपने कमरों में पैसे भर रखे थे, अपने बिस्तरों में पैसे भर रखे थे, उन्हें तो और सहूलियत हो गई। उन्हें तो 2000 रुपये के नोट मिल गए।’
उन्होंने कहा, ‘विशेषज्ञों को अभी तक समझ में नहीं आ रहा कि 1000 रुपये का नोट हटाकर 2000 रुपये का नोट लाने से काला धन कैसे खत्म हो जाएगा। मुझे कई लोगों ने बताया कि जो इनके दोस्त थे, जो इनके अपने लोग थे, जिनके पास सबसे ज्यादा काला धन था, उन्होंने पहले ही उन्हें बता दिया था और उन लोगों ने अपना सारा इंतजाम कर लिया। या उन्होंने पैसा बाहर भेज दिया, या जमीनें खरीद लीं, सोना खरीद लिया।’
अरविंद केजरीवाल ने चुनावों को लेकर भी भारतीय जनता पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। लोगों को हो रही दिक्कतों पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘पूरे देश में लोगों की लंबी-लंबी लाइन लगी है। कहीं कोई उद्योगपति दिखाई दिया आपको लाइन में? कोई बड़ा कालाबाजारी वाला दिखाई दिया आपको लाइन में? कोई बड़ा काले पैसे वाला दिखाई दिया? कोई नहीं है लाइन में। कौन है लाइन में? दुकानदार, रिक्शेवाला, ऑटोवाला, किसान, मजदूर।
Latest India News