मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा पुलिस थाना स्थित गुर्जा का पुरा गांव में रविवार तड़के एक महिला ने अपने पति के सिर पर भारी पत्थर से मार-मार कर हत्या कर दी। जौरा के नगर निरीक्षक अजय चानना ने आज बताया कि क्षमा शाक्य (27) ने अपने पति बंटी शाक्य (30) के सिर पर भारी पत्थर पटक-पटक कर हत्या कर दी।
देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने कहा कि आरोपी अपने पति के सिर पर पत्थर तब तक मारती रही, जब तक उसके प्राण नहीं निकल गए। चानना ने बताया कि आरोपी पत्नी के खिलाफ जौरा पुलिस थाना में आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने अपना अपराध कबूल किया है। उन्होंने कहा कि हत्या करने के बाद क्षमा ने फोन कर पुलिस को बताया कि उसने अपने पति को मार दिया है, इसे ले जाओ।
चानना का कहना है कि परिजनों के मुताबिक, अवैध संबंधों में पति रोड़ा बन रहा था, इसलिए महिला ने उसकी हत्या की है, जबकि आरोपी महिला का कहना है कि उसका पति उसे मारता-पीटता था, इसलिए उसने उसे मार डाला। उन्होंने कहा कि मृतक बंटी शिवपुरी का रहने वाला था और पिछले 7-8 साल से शादी के बाद जौरा में रुनीपुरा रोड पर गुर्जा का पुरा में रह रहा था।
Latest India News