नई दिल्ली: भारतीय थल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर देश में हड़कंप मचा हुआ है। उनकी किताब को लेकर ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी, बीजेपी पर हमलावर रवैया अपना रहे हैं।
इस बीच जनरल नरवणे ने अपनी किताब को लेकर अपना पक्ष अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। उन्होंने Penguin India के बयान को एक्स पर शेयर करते हुए बताया, "किताब की वर्तमान स्थिति यह है।"
यानी जनरल नरवणे ने अपनी किताब को लेकर ये क्लियर कर दिया है कि जो बात Penguin India पब्लिकेशन ने कही थी, वही उनकी किताब का स्टेटस है।
Penguin India पब्लिकेशन ने अपने बयान में क्या कहा था? जिसे नरवणे ने शेयर किया
आत्मकथा फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी पर पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान देते हुए कहा था, "हालिया सार्वजनिक चर्चा और मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया यह स्पष्ट करना चाहता है कि भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे द्वारा लिखित पुस्तक फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी के प्रकाशन अधिकार हमारे पास है। हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि पुस्तक का प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा पुस्तक की कोई भी प्रति - मुद्रित या डिजिटल रूप में - प्रकाशित, वितरित, बेची या किसी अन्य माध्यम से जनता के लिए उपलब्ध नहीं कराई गई है।"
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने कहा, "पुस्तक की कोई भी प्रति, चाहे वह पूर्ण हो या आंशिक, मुद्रित, डिजिटल, पीडीएफ या किसी अन्य प्रारूप में, ऑनलाइन या ऑफलाइन, किसी भी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रही हो, पीआरएचआई के कॉपीराइट का उल्लंघन है और इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया पुस्तक के अवैध और अनधिकृत प्रसार के विरुद्ध कानूनी रूप से उपलब्ध उपायों का प्रयोग करेगा। यह वक्तव्य प्रकाशक की स्थिति को स्पष्ट करने के लिए जारी किया जा रहा है।"
गौरतलब है कि इस किताब की प्रति को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सदन में भी पहुंचे थे और बीजेपी को घेरने की भरपूर कोशिश की थी। वहीं बीजेपी ने इस किताब को लेकर राहुल गांधी के दावों का खंडन किया था। बीजेपी के शीर्ष नेताओं ने कहा था कि ये किताब अभी पब्लिश ही नहीं हुई है।
Latest India News