A
Hindi News भारत राष्ट्रीय ट्रक में प्याज के बीच में छिपाकर रखा था विस्फोटक, पूरा जखीरा देख उड़ गए पुलिसवालों के होश

ट्रक में प्याज के बीच में छिपाकर रखा था विस्फोटक, पूरा जखीरा देख उड़ गए पुलिसवालों के होश

पुलिस ने प्याज से लदे ट्रक के बीच छिपाकर रखे 10,500 से ज्यादा जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर और तार बरामद किए। ट्रक की मालकिन को हिरासत में ले लिया गया है। यह राज्य में विस्फोटकों की तस्करी का दूसरा बड़ा मामला है।

explosives hidden in onion truck, Kerala explosive seizure, Malappuram truck explosives- India TV Hindi Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL ट्रक में प्याज के बीच में विस्फोटक रखा गया था।

मलप्पुरम: केरल पुलिस की सतर्कता ने एक बहुत बड़े मामले का पर्दाफाश कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने शनिवार को मलप्पुरम जिले के चेम्माड इलाके में एक ट्रक से 10,500 से ज्यादा जिलेटिन की छड़ें, डेटोनेटर और तार बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, यह ट्रक प्याज से भरा हुआ दिख रहा था, लेकिन उसके बीच में खतरनाक विस्फोटक छिपाकर रखे गए थे जिसे देखकर वे भी हैरान रह गए। पुलिस ने बताया कि ट्रक शुक्रवार देर रात ईंट के भट्ठे के पास खड़ा था। एक गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही पुलिस आई, ट्रक से सामान उतार रहे कुछ लोग भाग गए।

ट्रक की मालकिन को पुलिस ने हिरासत में लिया

शनिवार की सुबह पुलिस ने ट्रक से सामान उतारा और पूरे सामान की जांच की। प्याज की बोरियों के बीच छिपे डिब्बों से कुल 245 बक्से बरामद हुए। इनमें जिलेटिन की 10,500 से ज्यादा छड़ें, डेटोनेटर और तार भरे हुए थे। ट्रक की मालकिन एक महिला है जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अधिकारी ने बताया कि यह महिला एक पत्थर की खदान भी चलाती है। संदेह है कि ये विस्फोटक और जिलेटिन की छड़ें अवैध खनन के काम में इस्तेमाल करने के लिए लाई गई थीं। ये सारे विस्फोटक केरल के बाहर से लाए गए थे। पुलिस अब इनके असली स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

4 फरवरी को तरबूज लदे ट्रक से मिला था विस्फोटक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोटक की मात्रा की गिनती पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस मामले में FIR दर्ज की जाएगी। बता दें कि यह केरल में हाल के दिनों की दूसरी बड़ी जब्ती है। इससे पहले 4 फरवरी को पलक्कड़ जिले के कदमकोड इलाके में पुलिस ने तरबूजों से लदे एक वाहन से जिलेटिन की 18,000 छड़ें और 4,200 डेटोनेटर बरामद किए थे। वे भी फलों की आड़ में छिपाए गए थे। ऐसे मामलों से साफ जाहिर होता है कि राज्य में विस्फोटकों की तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं।

Latest India News