A
Hindi News भारत राष्ट्रीय भारतीय सेना ने बदले 246 स्थानों के नाम, जानें किस जगह की नई पहचान अब्दुल हमीद से होगी

भारतीय सेना ने बदले 246 स्थानों के नाम, जानें किस जगह की नई पहचान अब्दुल हमीद से होगी

भारतीय सेना ने औपनिवेशिक विरासत से दूरी बनाते हुए देशभर में 246 सड़कों, कॉलोनियों, इमारतों और पार्कों के नाम बदल दिए हैं। सेना ने अब इनके नए नाम परमवीर चक्र विजेताओं, युद्ध नायकों और सैन्य नेताओं पर रखे हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।

Indian Army renamed places, Indian Army 246 roads, 246 roads renamed India- India TV Hindi Image Source : PTI/INDIAN ARMY भारतीय सेना ने न्यू हॉर्न लाइन का नाम अब अब्दुल हमीद लाइन्स कर दिया है।

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने औपनिवेशिक विरासत को अलविदा कहते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। सेना ने अलग-अलग शहरों में 246 सड़कों, इमारतों और अन्य जगहों के नाम बदल दिए हैं। अब इनके नए नाम भारत के वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों, युद्ध नायकों और प्रमुख मिलिट्री लीडर्स के सम्मान में रखे गए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि इससे राष्ट्रीय धरोहर और सेवा के मूल्यों में गर्व की भावना बढ़ेगी। सेना ने इसके तहत 124 सड़कों, 77 कॉलोनियों, 27 इमारतों और अन्य मिलिट्री फैसिलिटीज और 18 पार्कों एवं खेल के मैदानों आदि के नाम बदले हैं।

अरुण खेत्रपाल से लेकर अब्दुल हमीद तक पर रखे गए नाम

भारतीय सेना के अधिकारियों का कहना है कि यह बदलाव देश के नायकों की विरासत को सम्मान देने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिन प्रमुख स्थानों के नाम बदले गए हैं उनमें शामिल हैं:

  1. दिल्ली कैंटोनमेंट: यहां ऑफिसर्स आवास वाले किर्बी प्लेस का नाम बदलकर केनुगुरुसे विहार रखा गया है। मॉल रोड का नाम अब अरुण खेत्रपाल मार्ग होगा।
  2. अंबाला कैंटोनमेंट: पैटरसन रोड क्वार्टर्स का नाम बदलकर धन सिंह थापा एन्क्लेव कर दिया गया है।
  3. मथुरा कैंटोनमेंट: न्यू हॉर्न लाइन का नाम अब अब्दुल हमीद लाइन्स होगा।
  4. जयपुर कैंटोनमेंट: क्वींस लाइन रोड का नाम बदलकर सुंदर सिंह मार्ग रखा गया है।
  5. बरेली कैंटोनमेंट: न्यू बर्डवुड लाइन का नाम अब थिमैया कॉलोनी होगा।
  6. महू कैंटोनमेंट: मालकॉम लाइन्स का नाम बदलकर पीरू सिंह लाइन्स कर दिया गया है।
  7. देहरादून (इंडियन मिलिट्री अकादमी): कोलिंस ब्लॉक का नाम अब नुब्रा ब्लॉक होगा। किंग्सवे ब्लॉक का नाम बदलकर कारगिल ब्लॉक रखा गया है।
  8. कोलकाता: फोर्ट विलियम का नाम अब विजय दुर्ग होगा।
  9. रंगपहर मिलिट्री स्टेशन: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम बदलकर लैशराम ज्योतिन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कर दिया गया है।
  10. जखामा मिलिट्री स्टेशन: स्पियर लेक मार्ग का नाम अब हंगपन दादा मार्ग होगा।

आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा बदलाव

माना जा रहा है कि यह बदलाव राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करेगा और आने वाली पीढ़ियों को भारत के वीर सैनिकों की कहानियों से प्रेरित करेगा। सेना के अधिकारी इस पहल को देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।

Latest India News