कांग्रेस पार्टी की सांसद रेणुका चौधरी द्वारा संसद परिसर में कुत्ता लाए जाने पर विवाद जारी है। उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव को लाने की मांग की जा रही है। इस बीच संसद परिसर में रेणुका चौधरी की ओर से आज एक और दिलचस्प घटना देखने को मिली। दरअसल, ऐसी खबरें हैं कि राज्यसभा रेणुका चौधरी की कुत्तों से संबंधित हालिया टिप्पणी पर उनके खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव शुरू करने पर विचार कर रही है। रेणुका चौधरी से जब विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव पर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब में सिर्फ भौं-भौं कहा और चली गईं। बाद में उन्होंने कहा कि जब प्रस्ताव आएगा तब उसपर जवाब देंगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी सोमवार को अपनी कार में एक आवारा कुत्ते को लेकर संसद पहुंच गईं जिससे विवाद खड़ा हो गया और सत्तापक्ष के सांसदों ने उन पर नाटक करने का आरोप लगाया। विवाद के बीच रेणुका ने कहा कि जो लोग अंदर बैठे हैं वो काटते हैं, कुत्ते नहीं काटते। रेणुका चौधरी ने कहा था कि "कोई कानून बना है क्या? मैं रास्ते में आ रही थी। वहां पर एक स्कूटर और एक कार की टक्कर हुई। उसके आगे ये पिल्ला सड़क पर घूम रहा था। मुझे लगा कि इसे टक्कर लग जाएगी। तो मैंने इसे उठाया, कार में रखा, संसद आई और वापस भेज दिया। कार चली गई, और कुत्ता भी गया। तो इस पर चर्चा का क्या मतलब है?"
संसद की मर्यादा-गरिमा को ठेस पहुंची- भाजपा
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी से जुड़ी इस पूरी घटना पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के नेताओं ने संसद की मर्यादा और गरिमा को ठेस पहुंचाई है और वहां काम करने वाले सभी सांसदों, सुरक्षाकर्मियों, अधिकारियों और दूसरे कर्मचारियों का भी अपमान किया है। सत्ता पक्ष के कुछ सांसदों ने इस घटना को लेकर रेणुका चौधरी के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की मांग की है।
Latest India News