A
  1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर के कई इलाकों में SIA की रेड, संदिग्ध आतंकियों की तलाश जारी

कश्मीर के कई इलाकों में SIA की रेड, संदिग्ध आतंकियों की तलाश जारी

कश्मीर के कई इलाकों में एसआईए की टीम छापेमारी कर रही है। ये अभियान आतंकियों के खिलाफ किए जा रहे एक्शन का हिस्सा है। वहीं जम्मू के सांबा जिले में भी तलाशी अभियान जारी है।

कश्मीर के कई इलाकों में SIA की रेड।- India TV Hindi
Image Source : PTI कश्मीर के कई इलाकों में SIA की रेड।

श्रीनगर: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से प्रदेश में सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा लगातार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर भी एक्शन लिया गया। सरकार ने इसके लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इसी बीच राज्य जांच एजेंसी (SIA) ने मध्य और उत्तरी कश्मीर में कई स्थानों पर छापेमारी की है। ये छापेमारी शनिवार सुबह को शुरू हुई। यह अभियान क्षेत्र में संदिग्ध आतंकवाद संबंधी गतिविधियों पर चल रही कार्रवाई का हिस्सा है। माना जा रहा है कि इस छापेमारी के दौरान बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। 

कई इलाकों में छापेमारी

दरअसल, जम्मू-कश्मीर पुलिस की राज्य अन्वेषण एजेंसी (SIA) ने कश्मीर में कई जगहों पर छापेमारी की है। ये कार्रवाई आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए की जा रही है। इसी सिलसिले में शनिवार को कई जगहों पर छापेमारी की गई। अधिकारियों ने इसके बारे में जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के जिन इलाकों में छापेमारी की जा रही है, उनमें सोपोर, बारामूला, हंदवाड़ा, गांदरबल शामिल हैं। इसके अलावा भी श्रीनगर में कई जगहों पर तलाशी ली गई। अधिकारियों के अनुसार, ये छापेमारी जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर की जा रही कार्रवाई का हिस्सा है।

सांबा में सर्च ऑपरेशन जारी

इसके अलावा जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में भी तीन संदिग्ध आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली है। इसके बाद से सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टीम तलाशी अभियान में जुटी हुई है। ये तलाशी अभियान सुबह से ही चलाया जा रहा है। इसके तहत नांगल, चिल्ला डांगा, गोरान और आसपास के जंगलों की घेराबंदी की गई है। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार और शनिवार की रात तीन संदिग्धों को देखा, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस सूचना के बाद से ही इन संदिग्धों की तलाश की जा रही है। (इनपुट- पीटीआई)