A
Hindi News मध्य-प्रदेश नौकरी से निकालने का खौफनाक इंतकाम, शख्स ने पैर छुए और दनादन दाग दी गोली; खुद भी फांसी लगाकर किया सुसाइड

नौकरी से निकालने का खौफनाक इंतकाम, शख्स ने पैर छुए और दनादन दाग दी गोली; खुद भी फांसी लगाकर किया सुसाइड

रायसेन में एक शख्स ने नौकरी से निकाले जाने को लेकर अपने पुराने बॉस को गोली मार दी। गोली मारने से पहले उसने पैर छुए थे और फिर किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। घटना के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली।

फायरिंग के बाद शख्स ने कर लिया सुसाइड।- India TV Hindi Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE फायरिंग के बाद शख्स ने कर लिया सुसाइड।

रायसेन: एमपी के रायसेन जिले में गोलीबारी का मामला सामने आया है। यहां पांच साल पहले लापरवाही के कारण नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक युवक ने नर्सरी के प्रभारी डिप्टी रेंजर और एक महिला कर्मचारी को गोली मार दी। हालांकि घटना के थोड़ी देर बाद युवक का शव भी पेड़ से लटकता मिला। माना जा रहा है कि गोली मारने के बाद उसने आत्महत्या कर ली। घायल डिप्टी रेंजर और महिला कर्मचारी को रायसेन जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पहले मजदूरी करता था शख्स

जानकारी के मुताबिक घटना बनखेड़ी गांव स्थित नर्सरी की बताई जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार आरोपी पूरन उर्फ गुड्डा, लोधी नर्सरी में पहले मजदूरी का काम करता था। पांच साल पहले कार्य में लापरवाही के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोपी इसी बात से नाराज चल रहा था। इसके बाद आरोपी ने मंगलवार दोपहर में नर्सरी प्रभारी डिप्टी रेंजर सहित दो लोगों को गोली मार दी। डिप्टी रेंजर राकेश शर्मा को पीठ में गोली लगी है, जबकि महिला कर्मचारी सुमन बाई की पीठ में लगी गोली शरीर के आर-पार हो गई। वहीं, एक अन्य कर्मचारी डालचंद भागते समय गिर गया, गोली उसके ऊपर से निकल गई। 

फायरिंग के बाद हुआ फरार

फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरन मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद उसका शव एक पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने मुआयना करने के बाद उसके द्वारा आत्महत्या करने की आशंका जताई है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डिप्टी रेंजर शर्मा को भोपाल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि मौके पर कोई भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। घायलों को प्राइवेट एंबुलेंस से भोपाल रवाना किया गया। 

पांच राउंड की फायरिंग

घायल डिप्टी रेंजर ने पुलिस को अपने प्रारंभिक बयान में बताया है कि पूरन देसी कट्टा लेकर आया था और उसने पांच गोलियां चलाईं। इस घटना में बाल-बाल बचे डालचंद ने बताया कि पूरन ने साहब को पीठ पर गोली मार दी। आवाज सुनकर में जब मैं कमरे से बाहर निकला तो, मुझ पर भी उसने कट्टा तान दिया था तब मैं भागते समय गिर गया, इसलिए मुझे गोली नहीं लग पाई। इसके बाद पूरन ने नर्सरी में ही काम करने वाली सुमन पर फायर किया। मैंने उसे पत्थर मारा, तब वो भाग गया। एडिशनल एसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने बताया कि पूरन ने गोली मारने से पहले डिप्टी रेंजर शर्मा के पैर छुए और फिर नाराजगी जताते हुए कुछ बातचीत करने लगा। इसके थोड़ी देर बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी। (इनपुट- अम्बुज माहेश्वरी)

यह भी पढ़ें-

बॉयफ्रेंड के साथ रहने के जुनून ने पहुंचाया जेल, मरने का नाटक कर पति के घर से फरार हुई थी महिला