A
Hindi News मध्य-प्रदेश मुस्लिम युवक ने हिंदू लड़की का किया शारीरिक शोषण, बाद में अपने साथियों को सौंपा, फिर हुई हिंदू जागरण मंच की एंट्री

मुस्लिम युवक ने हिंदू लड़की का किया शारीरिक शोषण, बाद में अपने साथियों को सौंपा, फिर हुई हिंदू जागरण मंच की एंट्री

उज्जैन में 15 साल की नाबालिग हिंदू लड़की को 19 वर्षीय मुस्लिम युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया, और फिर अपने मुस्लिम साथियों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में अपहरण केस दर्ज कर 24 घंटे में लड़की को इंदौर से बरामद कर लिया।

love jihad case Ujjain, Hindu girl sexual exploitation, Ujjain minor girl grooming- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT हिंदू जागरण मंच ने इस मामले का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका अदा की है।

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 19 साल के एक मुस्लिम युवक ने 15 साल की नाबालिग हिंदू लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उसका शारीरिक शोषण किया और फिर उसे अपने दूसरे मुस्लिम साथियों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में अपहरण का केस दर्ज कर 24 घंटे के अंदर लड़की को ढूंढ निकाला और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण के दौरान लड़की को बुर्का पहनाया गया था, ताकि कोई उसे पहचान न सके। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।

घटना के बाद सदमे में था लड़की का परिवार

पुलिस ने इस मामले में POCSO एक्ट समेत कई धाराएं लगाई हैं, और लड़की के बयान के बाद आरोपियों की संख्या और धाराएं बढ़ सकती हैं। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने इसे 'ग्रूमिंग गैंग और लव जिहाद' का मामला बताया है, और व्हाट्सएप चैट भी सामने आई हैं। यह घटना थाना चिमनगंज मंडी इलाके की है। यहां रहने वाली 15 साल की नाबालिग लड़की को बेगमबाग के रहने वाले 19 साल के मुस्लिम युवक ने अगवा कर लिया। लड़की का परिवार घटना के बाद सदमे में था और डर के मारे पुलिस के पास नहीं गया, लेकिन 2 फरवरी को पड़ोसियों ने हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता को इस बारे में बताया।

हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने लिया एक्शन

मामले की पूरी जानकारी होने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता तुरंत परिवार से मिलकर उन्हें थाने ले गए। पुलिस ने अपहरण की धारा 363 में केस दर्ज किया और लड़की की तलाश शुरू की। परिवार के बताए मोबाइल नंबर से ट्रेस करने पर लड़की की लोकेशन इंदौर की निकली। पुलिस ने इंदौर से लड़की को अपने साथ लाकर उज्जैन थाने पहुंचाया। शुरुआती पूछताछ के बाद 2 आरोपियों के खिलाफ अपहरण, पोक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। गुरुवार को लड़की को अदालत में पेश कर धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए और मेडिकल जांच भी कराई गई।

घटना के बाद से बुरी तरह डरी हुई है लड़की

घटना के बाद से लड़की डरी हुई है, इसलिए उसकी मानसिक हालत ठीक होने के बाद पुलिस आगे पूछताछ करेगी। पुलिस ने कहा है कि फिलहाल केस में 2 आरोपी हैं लेकिन अपहरण में मदद करने वाले सभी लोगों को आरोपी बनाया जाएगा और केस में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। वहीं, हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने मामले की जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोपी ने करीब एक साल तक लड़की को प्रेम के जाल में फंसाए रखा और उसका शारीरिक शोषण किया। इसके बाद ब्रेकअप कर अपने साथियों को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा कि अब तुम लोग इसका इस्तेमाल करो, और फिर लड़की को दूसरे युवक को सौंप दिया।

नाबालिग लड़की को बुर्का पहनाकर इंदौर ले गये

आरोपियों में से एक ने लड़की को किडनैप किया और उसे इंदौर ले गया। खास बात यह है कि लड़की को बुर्का पहनाया गया, ताकि कोई पहचान न सके। CCTV में लड़की बुर्का पहने नजर आ रही है। मामले का खुलासा करने वाले हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता अर्जुन सिंह भदोरिया ने बताया, 'उज्जैन का 5 नंबर नाका संवेदनशील इलाका है। यहां कई छोटे-छोटे मोहल्ले हैं, जो तेजी से मुस्लिम बहुल होते जा रहे हैं। यहां महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। दो-तीन मुस्लिम युवकों ने नाबालिग लड़की का इस्तेमाल किया। मोबाइल में कई चैट मिली हैं। आरोपी ईमानुल ने नाबालिग की दोस्ती अपने मित्र से करवाई, जहां आकिब खान ने उसे बुर्का पहनाकर इंदौर ले गया। यह ग्रूमिंग गैंग का ही मामला है।'

'नाबालिग कोचिंग जाने का बोलकर घर नहीं लौटी'

वहीं, इस मामले में CSP पुष्पा प्रजापति ने कहा, '2 फरवरी की रात को पुलिस के पास शिकायत आई थी कि नाबालिग कोचिंग जाने का बोलकर घर नहीं लौटी। उसकी उम्र 15 साल है। पुलिस ने तुरंत अपहरण की धारा 363 में केस दर्ज कर 24 घंटे के अंदर नाबालिग को ढूंढ निकाला। पीड़िता का जाति प्रमाण पत्र आने के बाद आरोपी पर एट्रोसिटी एक्ट की धारा बढ़ेगी और अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी होगी। अभी दो लोगों के नाम सामने आए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग की हालत ठीक नहीं है, हालत ठीक होने के बाद पूछताछ करेंगे और आरोपी बढ़ेंगे। अपहरण के दौरान जिन-जिन लोगों ने घटना में साथ दिया या सहयोग किया, वे सब आरोपी बनेंगे।' (इनपुट: प्रेम डोडिया)