महाराष्ट्र में कांग्रेस 288 नगर परिषद अध्यक्ष पदों में से 158 पर चुनाव लड़ रही है। इसके लिए 2 दिसंबर को चुनाव होंगे। पार्टी के पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पार्टी स्थानीय संगठनों के साथ गठबंधन करके 41 नगर परिषद अध्यक्ष पदों पर चुनाव लड़ रही है। शेष पदों पर शिवसेना (UBT), NCP (SP) जैसे प्रमुख सहयोगियों के साथ चुनाव लड़ रही है।
13355 बनाए गए हैं मतदान केंद्र
यह दोनों महा विकास आघाडी का हिस्सा हैं और वंचित बहुजन आघाडी के साथ भी उसका समझौता है। राज्य में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए मतदान 2 दिसंबर को होगा। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी। 1.07 करोड़ से अधिक मतदाता 6859 सदस्यों और 288 नगरपालिकाओं के अध्यक्षों का चुनाव करेंगे। कुल 13355 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
कांग्रेस के कई पार्टी छोड़कर भाजपा में हुए शामिल
इस बीच महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होने वाले नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों से पहले लातूर में कई स्थानीय कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर सत्तारूढ़ दलों में शामिल हो गए हैं। इस सप्ताह के दौरान, लातूर ग्रामीण के पूर्व विधायक त्रयम्बक भिसे, शहर के पूर्व महापौर लक्ष्मण कांबले, पूर्व पार्षद गिरीश पाटिल और जिला बैंक के पूर्व निदेशक नाथसिंह देशमुख भाजपा में शामिल हो गए, जबकि पूर्व महापौर विक्रांत गोजमगुंडे अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए।
दिवंगत विलासराव देशमुख के बेटे अमित ने ने लातूर में की रैली
पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख के पुत्र एवं पूर्व मंत्री अमित देशमुख ने स्थिति का वर्णन करने के लिए बॉलीवुड फिल्म 'सय्यारा' के एक गीत का प्रयोग किया। लातूर के अहमदपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'सैय्यारा तू तो बदला नहीं है, मौसम जरा सा रूठा हुआ है।' (भाषा के इनपुट के साथ)