A
Hindi News महाराष्ट्र BJP की रीतू तावड़े होंगी मुंबई की नई मेयर, शिवसेना शिंदे गुट के संजय घाड़ी बनेंगे डिप्टी मेयर

BJP की रीतू तावड़े होंगी मुंबई की नई मेयर, शिवसेना शिंदे गुट के संजय घाड़ी बनेंगे डिप्टी मेयर

रीतू तावड़े ने 2012 में कांग्रेस का दाम छोड़कर बीजेपी का हाथ थामा था। इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। गुजराती बहुल वार्ड में उन्होंने मजबूत पकड़ बनाई है।

Ritu tawade- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT रितु तावड़े

मुम्बई नगर निगम चुनाव में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम तय हो चुके हैं। अब सिर्फ औपचारिकताएं बाकी रह गई हैं। यहां मेयर बीजेपी का चुना जाना है और पार्टी ने इस पद के लिए रीतू तावड़े का नाम चुन लिया है। वह जल्द ही मेयर पद के लिए नामांकन करेंगी। इससे पहले ही बीएमसी में बीजेपी के पार्षद पहुंच रहें हैं। यहां पहली बार बीजेपी का मेयर बनने वाला है, इसलिए बीएमसी के बीजेपी कार्यालय में 10 पंडितों को बुलाया गया है। मेयर के नाम के ऐलान के पहले वेद मंत्रों का उच्चारण हुआ और शंखनाद किया गया।

भाजपा की ओर से रीतू तावड़े महापौर पद के लिए जल्द ही नामांकन भरेंगी। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए शिवसेना की ओर से संजय घाड़ी नामांकन भरेंगे। उनका उप महापौर का पद सवा वर्ष के लिए रहेगा।

कौन हैं रीतू तावड़े?

रीतु तावड़े घाटकोपर से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। वह पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वह महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और नागरिक मुद्दों को कुशलता से सुलझाने के लिए जाना जाता है। मराठा समुदाय से होने के बावजूद, उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में अपनी अच्छी पकड़ बनाई है। उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद से पार्टी में लगातार उनका कद मजबूत हुआ है। रितु तावड़े बीजेपी की सीनियर कॉर्पोरेटर हैं। वह 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीती थीं। 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से चुनी गई थीं। इसके बाद 2025 के चुनाव में वार्ड नंबर 132 से जीतीं। वह मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की एजुकेशन कमिटी की चेयरमैन रह चुकी हैं। उन्हें मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था।

2017 में हुआ था आखिरी चुनाव

बीएमसी चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे, जिसमें बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के महायुति गठबंधन को बहुमत मिला। इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी और लगभग 89 सीटें जीतीं। वहीं, शिवसेना शिंदे गुट को 29 सीटें मिलीं। कुल मिलाकर महायुति के पास 118 से ज्यादा सीटें हैं। 227 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए 114 सीटें चाहिए। यहां 2017 में आखिरी बार मेयर चुना गया था। इसके बाद से यह जगह खाली थी। पिछले चार साल से यहां प्रशासक शासन था। अब मेयर का चुनाव हो रहा है। मेयर पद इस बार सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। लॉटरी में रीतू तावड़े का नाम चुना गया है।

यह भी पढ़ें-

मुंबई के समंदर में इंटरनेशनल ऑयल तस्करी का भंडाफोड़, इंडियन कोस्ट गार्ड ने 3 विदेशी जहाजों को पकड़ा, सभी में भरा था तेल

महाराष्ट्र: 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए वोटिंग जारी, बारामती में सुनेत्रा पवार ने डाला वोट