मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति को चारी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अंकित राय (26) नाम के इस शख्स ने पुलिस स्टेशन के लॉकअप में ही आत्महत्या कर ली। इसके बाद इस मामले की जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। बता दें कि मृतक अंकित राय एयरपोर्ट इलाके में स्थित एक होटल में बतौर शेफ काम करता था। वह चार-पांच दोस्तों के साथ एक आवास में रहता था। अंकित को सहार पुलिस स्टेशन ने बीती रात चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था और फिर उसकी कोर्ट में पेशी हुई थी। कोर्ट ने मृतक को 9 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया था, जिसके बाद कल दोपहर में अंकित ने पुलिस स्टेशन के टॉयलेट में आत्महत्या कर ली।
लॉकअप में कैसे पहुंचा गमछा?
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अंकित ने अपने रूममेट्स के मोबाइल फोन चुराए थे। हाल ही में पांच हैंडसेट गुम होने की सूचना मिली थी और जांच के दौरान उनमें से तीन मोबाइल अंकित के पास से बरामद भी किए गए थे, जिसके बाद चोरी के आरोप में सहार पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, लॉकअप के अंदर जो कुछ हुआ उससे और चिंदा पैदा हो गई है। बता दें कि अंकित को पुलिस हिरासत में मृत पाया गया है। ऐसा बताया जा रहा है कि उसने गमछे से खुद को फांसी लगा ली। इसमें सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात यह है कि आखिर लॉकअप में अंकित के पास गमछा कैसे पहुचा।
क्या है नियम?
दरअसल नियमों के अनुसार, पुलिस कस्टडी हो या फिर जेल, सेल के अंदर कोई भी निजी सामा ले जाने की अनुमति नहीं होती। इस कारण ये संदेह पैदा हो रहा है कि आखिर अंकित ने गमछा कैसे हासिल किया। पुलिस अधिकारियों ने के शुरुआती बयानों से पता चलता है कि अंकित चोरी के आरोप और गिरफ्तारी के कारण गंभीर मानसिक तनाव में था, जिसके चलते यह कदम उठाया होगा। बता दें कि इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। अधिकारी लॉकअप निगरानी प्रणाली, शिफ्ट में कर्मियों के ड्यूटी रिकॉर्ड और मानक हिरासत प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, इसकी समीक्षा की जा रही है।