A
Hindi News नॉर्थ ईस्ट मणिपुर मणिपुर में एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष एन काइसी का 58 साल की उम्र में निधन, तदुबी सीट से थे विधायक

मणिपुर में एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष एन काइसी का 58 साल की उम्र में निधन, तदुबी सीट से थे विधायक

मणिपुर के पूर्व मंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के विधायक एन काइसी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे।

एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष एन काइसी - India TV Hindi Image Source : SOCIAL MEDIA एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष एन काइसी

इंफाल: मणिपुर के पूर्व मंत्री एवं नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) विधायक एन.काइसी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। काइसी एक नगा थे एवं सेनापति जिले के तदुबी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक और एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष भी थे। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने काइसी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि मणिपुर के लोगों के प्रति उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। 

सीएम बीरेन सिंह ने जताया शोक

मुख्यमंत्री ने काइसी के आवास पर जाकर संवेदना जतायी। बीरेन सिंह ने कहा, ‘‘काइसी मृदुभाषी, बहुत अच्छे इंसान और अच्छे नेता थे। जब वे बीमार थे तब मैंने उनसे दो बार संपर्क किया था। उनके निधन का मुझे बहुत दुख है। मुख्यमंत्री सिंह ने बाद में सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘मैं तदुबी विधानसभा क्षेत्र के सम्मानित विधायक एन.काइसी के निधन से बहुत दुखी हूं। मणिपुर के लोगों के लिए उनकी सेवा और हमारे राज्य के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। काइसी 2017-2020 तक जनजातीय और पहाड़ी क्षेत्र विभाग के मंत्री थे।  

2017 से 2020 तक थे मंत्री

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, लंबी बीमारी से जूझ रहे विधायक काइसी ने इंफाल के लाम्फेल स्थित अपने आधिकारिक आवास पर दोपहर करीब 1:30 बजे अंतिम सांस ली। एक प्रमुख राजनीतिक हस्ती काइसी ने मार्च 2021 से नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की मणिपुर राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वह 2017 से 2020 तक जनजातीय और पहाड़ी क्षेत्र विकास और मत्स्य पालन मंत्री भी थे।

रविवार को होगा अंतिम संस्कार

एन काइसी पत्नी और आठ बच्चों को अपने पीछे छोड़ गए हैं। रविवार को इंफाल में एनपीपी पार्टी कार्यालय में एक शोक समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ताडुबी में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा।