जयपुर: राजस्थान के भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही सहित अनेक जिलों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं, जिससे चंबल, कालीसिंध और बनास नदी पर बने बांधों के गेट खोल दिए गए हैं। राजधानी जयपुर में सोमवार शाम मूसलाधार बारिश हुई जिससे अनेक निचले स्थानों में पानी भर गया। प्रमुख मार्गों पर जाम लगने से लोग परेशान हुए।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने मंगलवार को तीन जिलों में अति भारी बारिश का 'रेड अलर्ट', पांच जिलों में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' व 19 जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। हालांकि विभाग ने दो अगस्त से भारी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है।
कई जिलोंं में बारिश से हुई परेशानी
- राज्य के सिरोही में केराल नदी की पुलिया पर निजी स्कूल बस फंस गई, बस में 35 बच्चे सवार थे।
- चित्तौड़गढ़ में बेड़च नदी का पुल पार करते समय दो बाइक सवार बह गए।
- भीलवाड़ा के बिजोलिया इलाके में जलभराव के कारण बाढ़ जैसे हालात हो गए जहां पानी से भरी एक सड़क पर नाव चलती देखी गई।
- एरू नदी के पुल पर पांच फुट तक पानी भर गया।
- झालावाड़ में भारी बारिश के कारण करीब आधा दर्जन गांवों में हालात खराब हैं।
11 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने 11 जिलों में मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की है। इनमें झालावाड़, कोटा, चित्तौड़गढ़, टोंक, भीलवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, धौलपुर, सलूंबर, बांसवाड़ा और अजमेर शामिल हैं।
कैसा रहेगा मौसम
मौसम केंद्र के अनुसार मध्य प्रदेश व आसपास के पूर्वी राजस्थान के ऊपर आज कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटो में दक्षिण-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी, अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम केन्द्र के अनुसार दक्षिण-पूर्वी व उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 28-29 जुलाई को भारी, अतिभारी व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं 30-31 जुलाई को भरतपुर, जयपुर व अजमेर संभाग में कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने तथा बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।
(इनपुट-भाषा)