A
Hindi News राजस्थान राजस्थान सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

राजस्थान सीनियर टीचर भर्ती पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

राजस्थान लोक सेवा आयोग की तरफ से आयोजित वरिष्ठ शिक्षक भर्ती मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न राज्यों के छह स्थानों पर एक साथ दबिश देते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पेपर लीक मामले में पुलिस ने की कार्रवाई। - India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT पेपर लीक मामले में पुलिस ने की कार्रवाई।

राजस्थान में वरिष्ठ शिक्षक (द्वितीय श्रेणी) भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थियों के जरिए चयन कराने के संगठित गिरोह का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित इस परीक्षा में विज्ञान तथा सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय के प्रश्नपत्र लीक और डमी कैंडिडेट के माध्यम से परीक्षा दिलाने की शिकायतें मिली थीं। 

पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

दरअसल, 24 दिसंबर 2022 को आयोजित परीक्षा में सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त कर 29 जनवरी 2023 को पुनः आयोजित की गई। लेकिन जांच में सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने डमी बैठाकर परीक्षा पास की और नियुक्ति भी प्राप्त कर ली। प्राथमिक जांच के बाद आयोग की ओर से 14 अभ्यर्थियों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ एसओजी में केस दर्ज कराया गया था।

आरोपियों के लोकेशन की ट्रेस

केवल फोटो के आधार पर डमी अभ्यर्थियों की पहचान करना सबसे बड़ी चुनौती थी। ऐसे में महानिरीक्षक पुलिस शरत कविराज की पहल पर वन-टाइम रजिस्ट्रेशन डाटाबेस के समानांतर विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया गया। इस सॉफ्टवेयर से संदिग्ध फोटो का मिलान कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। उपमहानिरीक्षक परिस देशमुख ने उन्नत तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से पहचान प्रक्रिया को मजबूत किया, जबकि अनुसंधान अधिकारी प्रकाश शर्मा ने मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।

6 स्थानों पर एक साथ दबिश

वहीं 17 फरवरी 2026 को अंडमान-निकोबार, कोलकाता, जयपुर, कोटा और जालौर सहित 6 स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई में कई डमी अभ्यर्थी गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार डमी अभ्यर्थियों में महेश कुमार बिश्नोई (3 लाख में विज्ञान परीक्षा दी), महीपाल बिश्नोई (5 लाख में परीक्षा दी), सही राम (3 लाख में परीक्षा दी), हनुमाना राम (5 लाख में परीक्षा दी), निवास कुराडा (5 लाख में परीक्षा दी) और प्रिंस के खिलाफ जांच की जा रही है। इन सभी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

कुल 26 आरोपी गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक अब तक इस मामले में 26 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इसमें 12 मूल अभ्यर्थी, 9 डमी परीक्षार्थी और 05 बिचौलिए शामिल हैं। वहीं अब एसओजी इन गिरफ्तार आरोपियों की शैक्षणिक डिग्री और वर्तमान नियुक्तियों का सत्यापन करेगी। इसके बावजूद अभी फरार मूल अभ्यर्थियों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

अजित पवार प्लेन क्रैश की CBI करेगी जांच? सुनेत्रा पवार ने CM फडणवीस से मिलकर की मांग