2 मैच 21 विकेट, 3 बार 5 विकेट हॉल, इन आंकड़ों पर भले ही आपको विश्वास ना हो रहा हो लेकिन ये हकीकत बयां करता रिकॉर्ड है उत्तराखंड के दीपक धपोला के नाम। जी हां बीसीसीआई से मान्यता मिलने के बाद पहली बार रणजी ट्रॉफी खेल रही उत्तराखंड को एक ऐसा धाकड़ गेंदबाज मिला है जिसने डेब्यू करते ही घरेलू क्रिकेट में ऐसी सनसनी मचाई कि हर कोई उसका कायल हो गया।
उत्तराखंड ने देहरादून में अपने पहले दो रणजी मैच खेले और दोनों में जीत हासिल की। पहले मैच में उत्तराखंड ने बिहार को 10 विकेट शिकस्त दी तो इसमें भी दीपक धपोला का सबसे अहम योगदान था। धोपाला ने उस मैच में 9 विकेट चटकाए थे। इसके बाद दूसरे मैच में भी उन्होंने अपनी शानदार लय जारी रखते हुए मणिपुर के खिलाफ 12 विकेट हासिल किए। दीपक लगातार तीसरी बार पारी में पांच या इससे ज्यादा विकेट चटकाए। अबतक दो रणजी मैचों में 21 विकेट ले चुके इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
सही लाइन और लेंथ पर करता हूं फोकस
उत्तराखंड के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में 8 मैचों में 14 विकेट लेने वाले दीपक ने रणजी ट्रॉफी में भी अबतक उसी शानदार प्रदर्शन को जारी रखा है। अपनी कंसिस्टेंसी के बारे में बात करते हुए दीपक ने बताया,''वनडे क्रिकेट अलग होती है, विजय हजारे ट्रॉफी में वाइट बॉल से बॉलिंग करनी थी ऊपर से हमारे मैच भी गुजरात में थे तो वहां के विकेट को ध्यान में रखते हुए मैंने बॉल को सही लाइन और लेंथ पर डालने पर ध्यान दिया। लेकिन रेड बॉल क्रिकेट थोड़ा अलग हो जाता है। यहां पर हम अपने होम ग्राउंड पर खेल रहे थे तो हमें उसका फायदा भी मिला क्योंकि हमने यहीं कैंप किया था। मुझे पता था कि विकेट कैसा रहेगा। उसके मुताबिक मैंने अपने आप को तैयार किया।
अपने 5 विकेट हॉल के बारे में बात करते हुए दीपक ने कहा कि,''जैसे एक बल्लेबाज का सपना होता डेब्यू में शतक जड़ना वैसे ही एक गेंदबाज चाहता है कि वो 5 विकेट हॉल हासिल करे। पारी में 5 विकेट लेने किसी सपने के सच होने जैसा था।''
कामयाबी का श्रेय कोच दिया कोच राजकुमार शर्मा को
दीपक अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने कोच राजकुमार शर्मा को देते हैं। 9 साल पहले क्रिकेट में करियर बनाने के लिए दीपक अपने होमटाउन बागेश्वर छोड़कर दिल्ली आ गए और वेस्ट दिल्ली क्रिकेट एकेडमी में राजकुमार शर्मा की देखरेख में प्रैक्टिस करने लगे। उनकी देखरेख में दीपक ने 2016-17 सीजन में दिल्ली के रणजी ट्रॉफी कैंप भी किया लेकिन टीम में जगह नहीं बना पाए। इसके बाद अपने कोच की सलाह पर ही उन्होंने अपने राज्य उत्तराखंड का रूख किया।
विराट कोहली ने भी किया सपोर्ट
दीपक, विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा के अंडर ही ट्रेनिंग करते हैं। वेस्ट दिल्ली क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस के दौरान दीपक ने नेट्स में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को भी गेंदबाजी की है। विराट के बारे में बात करते हुए दीपक ने बताया कि,''विराट मेरा बहुत सपोर्ट करते हैं, सीनियर होने के नाते मुझे गाइड भी करते रहते हैं। इतना ही नहीं वो मुझे क्रिकेट किट और बॉलिंग स्पाइक्स भी देते हैं।''
दिल्ली और बंगाल की टीम में जगह ना मिलने पर हुआ थे निराश
अपना राज्य छोड़कर 9 साल से दिल्ली में प्रैक्टिस कर रहे दीपक ने 2016-17 सीजन के लिए दिल्ली का रणजी कैंप किया। उन्हें स्टैंड बॉय में रखा गया लेकिन इसके बाद भी मौका नहीं मिला। दीपक इससे निराश जरूर हुए लेकिन उन्होंने अपना संघर्ष जारी रखा। बंगाल की टीम में जगह बनाने की उम्मीद से दीपक ने कोलकाता लीग में भी हिस्सा लिया। वहीं उन्होंने एक सीजन में 9 मैचों में 45 विकेट और दूसरे सीजन में 10 मैचों में 52 विकेट हासिल किए लेकिन इस लावजाब प्रदर्शन के बाद भी उन्हें मौका नहीं दिया गया। इसके बाद अपने कोच और दोस्तों के सपोर्ट के दमपर वो इस बुरे दौर से भी बाहर निकले और उन्होंने खुद पर भरोसा कायम रखा।