इंग्लिश खिलाड़ियों ने नूसा ट्रिप पर जमकर पी शराब? ECB ने शुरू की जांच
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। इस बीच इंग्लैंड के खिलाड़ी नूसा ट्रिप को लेकर जांच के घेरे में आ गए हैं।
एशेज 2025-26 में लगातार तीन टेस्ट मैच हारने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम की जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच इंग्लैंड टीम के एक खिलाड़ी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो की जांच कर रहा है, जिसमें इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट को ऑस्ट्रेलिया के नूसा में कथित तौर पर नशे की हालत में टीम होटल तक रास्ता ढूंढने में असमर्थ नजर आ रहे हैं। यह घटना दूसरे और तीसरे एशेज टेस्ट के बीच मिले छोटे ब्रेक के दौरान की बताई जा रही है। यह वीडियो 23 दिसंबर को एक्स पर सामने आया, ठीक उसी दिन जब इंग्लैंड पुरुष टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने नूसा ट्रिप को लेकर जांच की पुष्टि की थी। यह ब्रेक ब्रिसबेन टेस्ट में आठ विकेट से हार के बाद रखा गया था।
बेन डकेट पर गिर सकती है गाज
ECB ने स्पष्ट किया कि नूसा में बिताए गए चार दिन छुट्टी नहीं थे। यह ट्रिप एक साल पहले ही हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम द्वारा प्लान की गई थी, जिसका उद्देश्य खिलाड़ियों को मानसिक रूप से तरोताजा करना था। इस दौरान कोई ट्रेनिंग सेशन नहीं रखा गया और खिलाड़ियों को आराम का समय दिया गया। हालांकि एडिलेड टेस्ट में इंग्लैंड ने दौरे का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन टीम को 82 रन से हार झेलनी पड़ी और ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 11 दिनों के खेल में ही पांच मैचों की एशेज सीरीज में अजेय बढ़त बनाकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मेलबर्न में चौथे टेस्ट से पहले रॉब की ने कहा कि ECB इस पूरे मामले को देखेगा, लेकिन अब तक मिली जानकारी के अनुसार खिलाड़ी अच्छे व्यवहार में थे। ECB के आधिकारिक बयान में कहा गया कि हम सोशल मीडिया पर मौजूद कंटेट से अवगत हैं। हमारे पास खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर स्पष्ट मानक और प्रक्रियाएं हैं। फिलहाल तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। एशेज में बेन डकेट का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। वह अब तक केवल 97 रन बना पाए हैं और उनका औसत 16.16 है, जो इंग्लैंड के स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों में सबसे कम है। उनका सर्वोच्च स्कोर 29 रन रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब डकेट किसी विवाद में फंसे हों। 2017-18 एशेज दौरे के दौरान, जब वह इंग्लैंड लायंस टीम का हिस्सा थे, तो पर्थ के एक बार में जेम्स एंडरसन पर ड्रिंक डालने की घटना के बाद ECB ने उन्हें जुर्माना लगाकर दौरे से घर भेज दिया था।
जांच के घेरे में इंग्लिश खिलाड़ी
रॉब की ने यह भी बताया कि नूसा ब्रेक के दौरान अत्यधिक शराब पीने के आरोपों की पूरी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर यह साबित होता है कि खिलाड़ियों ने जरूरत से ज्यादा शराब पी, तो यह स्वीकार्य नहीं है। इंटरनेशनल क्रिकेट टीम से ऐसा व्यवहार अपेक्षित नहीं होता। हालांकि की ने यह भी कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार खिलाड़ी केवल साथ में खाना खाने गए थे और देर रात बाहर नहीं निकले। थोड़ी-बहुत ड्रिंक से उन्हें आपत्ति नहीं है।
रॉब की ने मिड-सीरीज ब्रेक के विचार का बचाव करते हुए कहा कि इंटरनेशनल कैलेंडर और ऑस्ट्रेलिया जैसे कठिन दौरों को देखते हुए खिलाड़ियों का मानसिक ब्रेक लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर यह ब्रेक एक पार्टीमें बदल जाए तो यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। लेकिन अगर खिलाड़ी बीच पर समय बिताएं, फोन से दूर रहें और सामान्य जीवन जिएं, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। ECB फिलहाल तथ्यों की पुष्टि में जुटा है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें
वनडे और टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने किया स्क्वॉड का ऐलान, इस खिलाड़ी को मिली पहली बार जगह
