IND vs ENG: 8 साल बाद वापसी पर फेल हुए करुण नायर, सिर्फ 4 गेंद खेल पाए
इंग्लैंड में टीम इंडिया टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहले टेस्ट में शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ने का कारनामा किया, लेकिन करुण नायर ने बल्ले से निराश किया।
Karun Nair: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से शानदार शतक देखने को मिले। दूसरे दिन ऋषभ पंत ने भी सैकड़ा जड़ते हुए कमाल कर दिया। पंत के शतक पूरा करते ही शुभमन गिल पवेलियन लौट गए। गिल को शोएब बशीर ने अपना शिकार बनाया। इस तरह भारत को चौथा बड़ा झटका लगा। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 209 रनों की कमाल की साझेदारी हुई।
8 साल बाद वापसी रही फीकी
एक तरफ जहां भारतीय टीम के तीन बल्लेबाजों ने शानदार शतक जमाकर टीम को मजबूती दी, वहीं टीम इंडिया में 8 साल बाद वापसी करने वाले करुण नायर ने अपने प्रदर्शन से बेहद निराश किया। करुण नायर को शुभमन गिल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजा गया। फैंस को उम्मीद थी कि करुण अपने पुराने अनुभव का फायदा उठाते हुए बढ़िया पारी खेलेंगे, लेकिन वह महज 4 गेंद खेलकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने उनकी तकनीक की कड़ी परीक्षा ली और ओवर की आखिरी गेंद पर नायर दबाव में आकर अपना विकेट गंवा बैठे।
बेन स्टोक्स ने 105वें ओवर की आखिरी गेंद काफी बाहर फेंकी, जिस पर नायर के हवाई ड्राइव खेला और गेंद शॉर्ट कवर पर खड़े ओली पोप की तरफ गई। पोप ने हवा में बायीं तरफ डाइव लगाते हुए गेंद को लपक लिया। इस तरह नायर की वापसी निराशाजनक रही। हालांकि, अगली पारी में उनके पास बल्ले से कमाल दिखाने का एक और बड़ा मौका होगा।
गिल, जायसवाल और पंत ने जड़े शतक
गौरतलब है कि करुण नायर के नाम टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक दर्ज है। नायर ने साल 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ ये कारनामा किया था, लेकिन उसके बाद लगातार टीम से बाहर रहे। पिछले सीजन घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने के बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया। पहले टेस्ट में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने निराश किया। मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले दो दिन के खेल में तीन बल्लेबाजों के शानदार शतकों की बदौलत मजबूत स्कोर खड़ा किया है। कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत के शानदार शतक से टीम इंडिया का स्कोर 450 के पार पहुंच गया है। हालांकि, तीनों शतकवीर पवेलियन लौट चुके हैं।
