पाकिस्तान क्रिकेट टीम जहां भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हुए मुकाबले के बाद लगातार आलोचना का सामना कर रही है, वहीं पाकिस्तानी हॉकी टीम का भी हाल कुछ खास बेहतर देखने को नहीं मिल रहा है। पाकिस्तानी हॉकी टीम कुछ दिन पहले ऑस्ट्रेलिया में थी, जहां पर वह FIH प्रो लीग के दूसरे चरण का मुकाबला खेलने के लिए पहुंची थी। यहां पर उनको भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। टीम की होटल व्यवस्था के लिए 1 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से अधिक की राशि दी गई थी। इसके बावजूद, सिडनी एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों को 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा। वहीं देश वापस लौटने पर पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान अम्माद बट ने प्रेस से बात करते हुए सारी सच्चाई बताई जिसके बाद से ही वहां पर काफी हड़कंप की स्थिति देखने को मिल रही है।
कप्तान पर लगा बैन, PHF चीफ ने दिया इस्तीफा
पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान अम्माद बट को PHF को आड़े हाथों लेने पर फेडरेशन के अध्यक्ष बुगाती ने उन पर ऐक्शन लिया और उनको 2 साल के लिए बैन कर दिया गया। वहीं अपने इस फैसले के बाद फेडरेशन के अध्यक्ष तारिक बुगाती ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया है। बुगती ने पाकिस्तानी पीएम को अपना इस्तीफा भेजने के साथ दिए बयान में कहा कि प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से आस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है। बता दें कि पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान के खुलासे के बाद से वहां इस मामले को अब पूरी तरह से दबाने की कोशिश की जा रही है।
टीम मैनेजमेंट और PHF अधिकारियों को हटाने की गई थी मांग
ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद पाकिस्तानी हॉकी टीम के कप्तान अम्माद बट ने प्रेस से बात करते हुए वहां के टीम मैनेजमेंट और PHF अधिकारियों को हटाने की मांग की थी। इस दौरान उन्होंने ये भी खुलासा किया कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और PHF से पिछले काफी समय से अधिकतर खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। वहीं इस मामले को लेकर अब पाकिस्तान में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिल रहा है, जिसमें पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और पीएचएफ पूरी तरह से आमने-सामने आ गए हैं, जिसमें दोनों एक-दूसरे को इस पूरे मामले में गलत ठहरा रहे हैं।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान टीम का हुआ बुरा हाल, खिलाड़ियों को मैच से पहले बर्तन तक धोने पड़े, कप्तान का बड़ा खुलासा
पाकिस्तानी खिलाड़ियों को सड़क पर गुजारनी पड़ी रात, होटल का बिल चुकाने के लिए भी नहीं बचे पैसे